ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: गुरुग्राम से सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत अपनी बेटी आरती राव को टिकट दिलाकर राजनीति में उतारना चाहते हैं, लेकिन बीजेपी की नीति आड़े आ रही है। हालांकि ये भी सुनने में आ रहा है कि बेटी को टिकट दिलाने के लिए राव इंद्रजीत मंत्री पद से इस्तीफा देने का मन भी बना रहे हैं। जिसके लिए राव इंद्रजीत ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक भी की, इस मुद्दे पर मीटिंग में चर्चा भी की गई।
दरअसल, हरियाणा में होने जा रहे विधानसभा को लेकर बीजेपी ने साफ तौर पर ये घोषणा कर दी है कि किसी भी मंत्री या सांसद के परिवार वाले को टिकट नहीं दी जाएगी, जो कि मंत्रियों के लिए एक बड़ा चिंता का विषय बनता जा रहा है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सहित रतनलाल कटारिया और कृष्ण पाल गुर्जर अपने परिवार वालों को टिकट दिलवाना चाहते थे। लेकिन बीजेपी की तरफ से मंत्रियों और सांसदों के परिजनों को टिकट न देने का ऐलान एक परेशानी बनी हुई है। वहीं, बीजेपी की इस नीति के बाद से मंत्रियों ने अपने तर्क भी रखे।

