न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : कहते हैं जब प्यार हवस बन जाए तो आपसी रिश्ते उस मुकाम पर चले जाते हैं जहां कभी-कभी एकसाथ कई जिंदगियां दावं पर लग जाती है। संगरूर के गनडुआं गांव में एक ऐसे ही मामले में पत्नी ने पति की हत्या करके शव को गड्ढे में फेंक दिया। बताया जाता है कि सुरजीत सिंह 6 अगस्त से लापता था। उसकी पत्नी गुरमीत कौर ने थाने में मामला दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो सारा मामला साफ हो गया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका प्रेमी अभी पुलिस पकड़ से बाहर है।
बताया जाता है कि सुरजीत सिंह के गायब होने की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सबसे पहले उसकी पत्नी गुरमीत से पूछताछ शुरू की गई, जिसके बाद सारी वारदात सामने आ गई। गुरमीत का गांव के ही एक शख्स बलवीर के साथ नाजायज संबंध थे। सुरजीत उन दोनों के बीच रोड़ा बना हुआ था। सुरजीत से छुटकारा पाने के लिए गुरमीत ने एक साजिश रची। जिसके बाद सुरजीत की हत्या करके शव को घर के पीछे बने गड्ढे में फेंक दिया। फिर पुलिस को सुरजीत के लापता होने की सूचना दे दी।
ग्रामीणों की मानें तो बलवीर अक्सर गुरमीत से मिलने के लिए उसके घर में आता था, जिसका सुरजीत विरोध करता था। इसको लेकर अक्सर पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता रहता था। आखिर में गुरमीत ने प्रेमी के साथ मिलकर सुरजीत की हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की मां और पत्नी से पूछताछ शुरू की तो कई पहलु सामने आएं। पुलिस को जानकारी मिल गई कि अवैध संबंध का विरोध करने पर सुरजीत की हत्या करके शव को ठिकाने लगा दिया गया। शनिवार को पुलिस ने शव को बरामद कर लिया।
