न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : अमृतसर के हकीमा वाला में शुक्रवार की रात एक मिठाई दुकान के बाहर एक के बाद एक कई फायरिंग से सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि राजू स्वीट्स नाम के दुकान के बाहर गोलियां चलाई गई। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकान मालिक की मानें उसका प्रॉपर्टी को लेकर रिश्तेदारों से विवाद चल रहा था। उन्हें शक है कि उनकी हत्या करने के लिए गोली चलवाया गया है। हैरानी की बात यह है कि जहां ये दुकान है वहां से कुछ दूर पुलिस का नाका भी रहता है। इतना ही नहीं गेट हकीमा पुलिस स्टेशन महज 100 मीटर की दूरी पर है पर पुलिस के हाथ अभी तक खाली है।
सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि दुकान का मालिक सनी ढींगरा काउंटर पर था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक आए और उस पर फायरिंग करने लगे। सनी ने काउंटर के नीचे बैठकर अपनी जान बचाई। फायरिंग करने के बाद दोनों बदमाश फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दूसरी तरफ इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
