Weather Update: देशभर में बारिश का कहर,9 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, ओडिशा में बाढ़ से हालात गंभीर

दिल्ली, 17 अगस्त देश के कई हिस्सों में मानसून-बारिश का असर लगातार बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का नया क्षेत्र…

दिल्ली

दिल्ली, 17 अगस्त

देश के कई हिस्सों में मानसून-बारिश का असर लगातार बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का नया क्षेत्र बनने के बाद मौसम विभाग ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के 15 जिलों में सोमवार को बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

ओडिशा में बारिश से बिगड़े हालात

ओडिशा में लगातार दो दिन से जारी बारिश के चलते कईं जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। अब तक करीब 3 लाख लोगों को राहत शिविरों में शरण दी जा चुकी है।प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य को हाई अलर्ट पर रखा हुआ है। कुछ जिलों में स्कूलों व कॉलेजोँ की छुट्टियां कर दी गई हैं।सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और छुट्टी पर गए कर्मचारियों को तत्काल ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं।

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में भी बाढ़ के हालात

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भलेसा-गंडोह इलाके में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बाजारों, सड़कों और नदियों-नालों में पानी का स्तर बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन द्वारा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के चलते अब तक 187 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कुल नुकसान करीब 973 करोड़ रुपये बताया गया है।

पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में 17 और 18 अगस्त को तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। हरियाणा में सोमवार से उत्तरी जिलों में मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड के देहरादून और टिहरी में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राज्य के बाकी जिलों में येलो अलर्ट है।

सिक्किम में भूस्खलन

सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में हालिया भूस्खलन के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए हैं।लगातार बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

तमिलनाडु में भी तेज बारिश         

तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। बारिश के साथ गरज और तेज हवाएं चल सकती हैं। चेन्नई, तिरुवल्लुर और कुड्डालोर समेत कई जिलों में मध्यम बारिश का अनुमान है।

दिल्ली में 22 अगस्त तक बदला रहेगा मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव रहने की संभावना है। 22 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते आने वाले दिनों में पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पहले से बारिश और बाढ़ से प्रभावित इलाकों में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय मौसम एवं आपदा प्रबंधन विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

 अन्य खबरें जानें –

Ukraine Russia War: यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद रूस का पलटवार, स्टील प्लांट पर किया मिसाइल अटैक, कई मौतें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *