Monsoon Update: गुजरात (Gujarat Weather Update) में चक्रवाती तूफान बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) बेहद खतरनाक रुख ले रहा है .मौसम विभाग के अनुसार आज शाम तक ये तूफान गुजरात में दस्तक देने वाला है. जिसे लेकर लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया जा रहा है. वहीं, इसे लेकर हिमाचल प्रदेश (Himachal Weather Today) में भी आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार बिपरजॉय लगभग 145 किमी की रफ्तार से दोपहर तक सौराष्ट्र एवं कच्छ के तटीय क्षेत्र से टकराएगा.ऐसे में हिमाचल प्रदेश में भी 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी की चेतावनी दी गई है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला, ने प्रदेश में आज भारी बारिश व ओलावृष्टि का भी येलो अलर्ट जारी किया है.
हिमाचल में बदलते दिखे मौसम के रंग
बता दें कि बुधवार देर शाम से ही राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में काले बादल छाए हुए हैं. साथ ही राज्य में तापमान में गिरावट आने के साथ -साथ कई शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 20 जून तक बारिश होने की संभावना जताई है. हालांकि, प्रदेश में अभी मानसून ने दस्तक भी नहीं दी है . मौसम के बदलते रुख ने लोगों को परेशान कर दिया है.
इस तूफान को लेकर देश के कई राज्यों में तापमान में गिरावट देखी गई है. हिमाचल की बात करे तो तीन दिन पहले तक प्रदेश के 13 शहरों का पारा 30 डिग्री के पार था और ऊना का तापमान 40 डिग्री हो गया था. वहीं, आज अधिकांश शहरों के तापमान में 5 डिग्री तक की कमी आई है.



