सोनीपत में स्वतंत्रता दिवस पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन, परेड का किया निरीक्षण

सोनीपत, 15 अगस्त सोनीपत में 80वां स्वतंत्रता दिवस पुलिस लाइन में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह…

सोनीपत

सोनीपत, 15 अगस्त

सोनीपत में 80वां स्वतंत्रता दिवस पुलिस लाइन में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और पुलिस तथा विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार परेड प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान शहीदों के परिवारों को सम्मानित करने के साथ-साथ समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हरियाली तीज की भी दी शुभकामनाएं

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राव नरबीर सिंह ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पर्व भी मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ी समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है।

स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को नमन

मंत्री ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष से देश को 1947 में अंग्रेजी शासन से मुक्ति मिली। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों को भी नमन करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में हमारे जवान तिरंगे की आन, बान और शान के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।

शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी

राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में करीब सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।

हरियाणा की धरती वीरता की धरती

उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। इस इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए अंबाला छावनी में शहीदी स्मारक का निर्माण अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण निगम की स्थापना की जा रही है।

समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम और देश की रक्षा में बलिदान देने वाले शहीदों के परिवारजनों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा समाज में विशिष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किए गए। समारोह में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया।

अन्य खबरें जानें –

ਬੁੱਢੇ ਨਾਲੇ ਦੀ ਜਲਦ ਹੋਵੇਗੀ ਸਫ਼ਾਈ, ਮੁੱਖ ਮੰਤਰੀ ਭਗਵੰਤ ਸਿੰਘ ਮਾਨ ਨੇ ਲੁਧਿਆਣਾ ਦੇ ਹੈਬੋਵਾਲ ਵਿੱਚ ਕੰਪਰੈੱਸਡ ਬਾਇਓਗੈਸ ਪਲਾਂਟ ਦਾ ਰੱਖਿਆ ਨੀਂਹ ਪੱਥਰ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *