ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडया न्यूज:आज से हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। 6 अगस्त तक चलने वाले सत्र के दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चाएं होंगी, तो वहीं सरकार की तरफ से कई अहम बिल भी पेश किए जाएंगे।
2 बजे से शुरू होने वाले सत्र की शुरुआत हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य के अभिभाषण के साथ होगी। सबसे पहले शोक प्रस्ताव पढ़े जाएंगे और सभी पार्टियों की तरफ से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके साथ प्रश्नकाल शुरू होगा और सदन की कार्यवाही भी शुरू होगी। बता दें कि 3 और 4 अगस्त को छुट्टी होगी और सदन की कार्यवाही 6 अगस्त तक चलेगी।
इस बार विधानसभा सत्र में खास बात होगी कि यहां का सिटिंग प्लान बदला- बदला सा नजर आएगा। वहीं, नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी पर कौन बैठेगा इस पर भी फिलहाल संशय बना हुआ है।
अभय चौटाला के नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी कांग्रेस को मिलने की उम्मीद है। लेकिन कांग्रेस की तरफ से साफ नहीं किया गया है कि वे किसे इस कुर्सी पर बैठाएंगे। किरण चौधरी ने विधानसभा स्पीकर को नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी को लेकर एक पत्र भी भेजा था, जिसको लेकर स्पीकर ने कांग्रेस के विधायकों से समर्थन मांगा था।
लेकिन कांग्रेस के कई विधायक किरण चौधरी के विरोध में नजर आए। ऐसे में देखना होगा कि नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी पर कौन बैठेगा या फिर इस बार ये कुर्सी खाली ही रहेगी। वहीं, स्पीकर के सामने वाली कुर्सी पर जहां कांग्रेस के विधायक बैठते थे, वहां अब इनेलो के विधायक बैठेंगे।

