कलायत, 12 नवंबर
कलायत में श्री कपिल मुनि महिला कॉलेज के सामने सब्जी बेचने वाले दो युवकों की गाड़ियों में बुधवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, जिससे दो छोटे मालवाहक टेम्पो और उनमें रखी हजारों रुपये की सब्जी जलकर राख हो गई। गांव खेड़ी लांबा निवासी पीड़ित दुकानदार मोहन और अमित के अनुसार इस घटना में उन्हें करीब 6.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
दोनों ने आशंका जताई है कि अज्ञात आरोपियों ने गुल्लक तोड़ने की कोशिश के बाद पेट्रोल डालकर गाड़ियों को आग के हवाले किया है। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था।
इस घटना से दोनों पीड़ित परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित मोहन ने बताया कि माता-पिता के बीमार रहने और घर की कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद उसने कर्ज लेकर टेम्पो खरीदा था और सब्जी का काम शुरू किया था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ितों ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सरकार से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
अन्य खबरें जानें-
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में करनाल को मिला सम्मान, CM सैनी ने दी बधाई



