गुरुग्राम, 3 अगस्त
गुरुग्राम की पॉश कॉलोनी पालम विहार के जे-ब्लॉक में RWA की बैठक उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब नई और पुरानी टीम आमने-सामने आ गई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच गाली-गलौज और हाथापाई की नौबत तक आ गई। विवाद सिर्फ बैठक तक सीमित नहीं है, बल्कि RWA चुनाव, शिकायतों और रजिस्ट्रार के आदेश तक पहुंच चुका है।
पालम विहार जे-ब्लॉक में आयोजित RWA की बैठक में उस समय माहौल गरमा गया, जब पूर्व पदाधिकारी और शिकायतकर्ता JP वत्स बैठक में पहुंचे। बैठक के दौरान उनकी शिकायत की कॉपी रेजिडेंट्स के सामने रखी गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया।
दरअसल, नवगठित RWA बॉडी के खिलाफ जिला रजिस्ट्रार के पास शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एक एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किया गया। लेकिन बैठक में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद एडमिनिस्ट्रेटर पी.के. बंसल ने साफ कहा कि जब तक मामला रजिस्ट्रार जनरल के पास लंबित है, तब तक वह हैंडओवर नहीं ले सकते। इसके बाद वह बैठक से चले गए।
नई RWA के अध्यक्ष शेखर तनेजा का कहना है कि 29 मई 2026 को सोसाइटी एक्ट के तहत नियमों के अनुसार चुनाव कराए गए थे। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम ऑनलाइन भी अपलोड किए गए, लेकिन कुछ लोगों की शिकायत के आधार पर कार्यकारिणी को अब तक मंजूरी नहीं मिल सकी। नई टीम का आरोप है कि विरोध करने वाले कई लोग सोसाइटी के सदस्य भी नहीं हैं और वे जानबूझकर विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं।
वहीं ज्वाइंट सेक्रेटरी मनजीत सिंह ने भी पुराने पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि नई टीम के आने के बाद संस्था की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है। अब RWA के पास पहले की तुलना में कहीं अधिक संसाधन हैं। उनका कहना है कि इसी वजह से पुराना पक्ष लगातार शिकायतें कर नई कार्यकारिणी के कामकाज में रुकावट डाल रहा है।
लगातार चल रहे इस विवाद का असर अब कॉलोनी के विकास कार्यों पर भी पड़ रहा है। रेजिडेंट्स का कहना है कि पिछले कई वर्षों से विकास कार्य प्रभावित हैं। सुरक्षा व्यवस्था, मेंटेनेंस और अन्य सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। निवासियों ने प्रशासन और स्टेट रजिस्ट्रार से जल्द निष्पक्ष फैसला लेने की मांग की है, ताकि कॉलोनी में सामान्य व्यवस्था बहाल हो सके।
फिलहाल पूरा मामला रजिस्ट्रार जनरल के पास विचाराधीन है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं। अब सबकी नजर आने वाले फैसले पर टिकी है, जिससे यह तय होगा कि पालम विहार जे-ब्लॉक की RWA का नेतृत्व आखिर किसके हाथ में रहेगा।
अन्य खबरें जानें –
करनाल में बिजली कर्मचारियों और इंजीनियरों ने की मीटिंग, 11,12 और 13 अगस्त को होगी राज्यव्यापी हडताल



