नरवाना, 4 सितंबर
नरवाना में सफाई कर्मचारियों और दमकल विभाग के कर्मचारियों के गुस्से का असर अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। सरकार के अल्टीमेटम के बाद सफाई कर्मचारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। कर्मचारियों ने कूड़े से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे शहर के सबसे प्रमुख सुभाष चौक पर पलटा दी। सड़क पर चारों तरफ कूड़ा फैल गया और कुछ ही देर में चौक पर जाम जैसे हालात बन गए। राहगीरों को कूड़े के बीच से होकर निकलना पड़ा।
कूड़े की ट्रॉली सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के ठीक सामने पलटे जाने की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कर्मचारी वहां से निकल चुके थे। पुलिसकर्मी के मुताबिक कर्मचारियों को पहले डिटेन किया गया था और छूटने के बाद ट्रॉली पलटने की घटना सामने आई। पुलिस ने इसे गलत बताते हुए आगामी कार्रवाई की बात कही है।
वहीं सुभाष चौक पर कूड़ा फैलाए जाने से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि शहीद की प्रतिमा के सामने कूड़ा डालना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोगों ने सरकार से कर्मचारियों की मांगों का समाधान कर हड़ताल खत्म करवाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि नरवाना ही नहीं, पूरे हरियाणा में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ रहा है।
अन्य खबरें जानें –



