अमृतसर , 2 सितंबर
अमृतसर में प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रामतीर्थ रोड के पास रहस्यमय हालात में आग से बुरी तरह झुलसे पलविंदर सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार ने इस घटना को पुरानी प्रॉपर्टी विवाद से जोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक के बेटे हरमनदीप सिंह ने आरोप लगाया कि दादा शाम सिंह की प्रॉपर्टी को लेकर बुआ सुमन बाला और फूफा प्रेम सिंह के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार का दावा है कि पिछले 10-15 सालों से उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था और घर खाली कराने के लिए कोर्ट के जरिए भी कार्रवाई की जा रही थी।
हरमनदीप सिंह के मुताबिक, घटना वाले दिन उनके पिता पलविंदर सिंह यह कहकर घर से निकले थे कि वे पूजा करना चाहते हैं। कुछ देर बाद परिवार को एक अनजान नंबर से कॉल आया कि पलविंदर सिंह रामतीर्थ रोड के पास आग में बुरी तरह झुलस गए हैं। परिवार के सदस्य तुरंत उन्हें 108 एम्बुलेंस से गुरु नानक देव अस्पताल ले गए।
परिवार के मुताबिक, अस्पताल ले जाते समय पलविंदर सिंह को होश आया और उन्होंने अपनी हालत के लिए बहन सुमन बाला और जीजा प्रेम सिंह को जिम्मेदार ठहराया। डॉक्टरों के अनुसार, उनका शरीर लगभग 70 से 80 प्रतिशत तक जल गया था। गंभीर हालत के कारण उन्हें बाद में भल्ला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद, परिवार ने छेहरटा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और मामले में न्याय की मांग की।पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार की शिकायत मिल गई है। बयानों के आधार पर, मृतक की बहन और जीजा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि या जिम्मेदारी का अंतिम निर्धारण जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।
अन्य खबरें जानें –



