भिवानी 12 जुलाई
हरियाणा के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने प्रदेश के सभी स्कूलों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। अब स्कूलों में पारंपरिक गले में बांधी जाने वाली टाई की जगह आई-कार्ड से अटैच होने वाली टाई लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेशभर के स्कूलों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि अब स्कूलों में पारंपरिक टाई का उपयोग नहीं किया जाए। इसके स्थान पर ऐसी टाई अपनाई जाए जो आई-कार्ड से अटैच हो और किसी भी हादसे की स्थिति में बच्चों के लिए जोखिम न बने।
आयोग की अध्यक्ष तृप्ति श्योराण ने बताया कि पारंपरिक टाई कई बार बच्चों के लिए जानलेवा साबित हुई है। हाल ही में भिवानी के गांव फुलपुरा में 7 वर्षीय हर्षित की टाई का फंदा लगने से दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रदेश के स्कूलों के लिए यह एडवाइजरी जारी की है।
आयोग का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। इसलिए सभी सरकारी और निजी स्कूलों से अपील की गई है कि वे पारंपरिक टाई की जगह सुरक्षित विकल्प अपनाएं और नई व्यवस्था को जल्द से जल्द लागू करें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह फैसला प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि प्रदेश के सभी स्कूल इस एडवाइजरी को कितनी जल्दी लागू करते हैं।
अन्य खबरें जानें-




