Punjab Weather News: पंजाब में बारिश से बेशक गर्मी से राहत है, लेकिन हर जगह मौसम उमस से भरा हुआ है. आने वाले दो दिनों में पंजाब के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है. क्योंकि मौसम विभाग ने आज से दो दिन यानी बुधवार तक प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.(Punjab weather news)
आज 8 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 15 में येलो अलर्ट. औसत अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है. सभी जिलों में तापमान 33 डिग्री से ऊपर चला गया है. सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 39.8 डिग्री दर्ज किया गया. जो औसत तापमान से 3.6 डिग्री अधिक है.
मौसम विभाग के मुताबिक आज से मानसून सक्रिय होने की संभावना है. क्योंकि हिमाचल के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बन रहा है. इसके चलते हिमाचल प्रदेश के आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. इसलिए पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, बठिंडा, बरनाला, मनसा, संगरूर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है.
15 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
इनमें तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली और मालेरकोटला शामिल हैं.
हालांकि, पिछले 24 घंटों में बहुत कम बारिश हुई है. इस बीच, पटियाला में 4.0 मिमी, फतेहगढ़ साहिब में 1.5 मिमी और रोपड़ में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से अब तक पंजाब में 102 मिमी बारिश दर्ज की गई है. जो सामान्य से 44 मिमी कम है. इस मौसम में सामान्यतः 184.8 मिमी वर्षा होती है.


