‘तुम जो आई थी मुलाकात करके फिर से लौटने के लिए’

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : मोहब्बत क्या है? इसे समझने के लिए मोहब्बत करना नहीं, बस मोहब्बत होना पड़ता है। मोहब्बत में बहना पड़ता है। लाख चाह…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : मोहब्बत क्या है? इसे समझने के लिए मोहब्बत करना नहीं, बस मोहब्बत होना पड़ता है। मोहब्बत में बहना पड़ता है। लाख चाह लें, लेकिन पहला प्यार जिंदगी की आखिरी सांसों तक साथ निभाता है और जिंदगी के बाद भी वो अनंत सफर में साथ रहता है। पढ़िए लिविंग इंडिया न्यूज वेबसाइट के ‘साहित्य’ कॉलम में हमारी अगली पेशकश ‘तुम जो आई थी मुलाकात करके फिर से लौटने के लिए’, जिसे हकीकत की दुनिया में ख्वाबों को गिन-गूंथकर लिखा गया है।

‘तुम जो आई थी मुलाकात करके फिर से लौटने के लिए’

तुम आज फिर लौट गई, तुम्हें लौटना ही था, ये लिजलिजे मर्यादाओं का लिहाफ ही तो तुम्हें रोकती रही थी आजतक। तुम ठहरी थी आखिरी बार सात जन्मों के रिश्ते बांधने से पहले उम्मीद के उस मोड़ पर, जहां मैं और तुम नहीं बल्कि हम हुआ करते थे। हमने उधेड़े और उलटे थे उन पन्नों को जो कभी-कभी हमारे जश्न और खुशी का जरिया हुआ करते थे। लेकिन मोहब्बत ने ये दिन भी दिखाया कि नाउम्मीदी बेवफाई की बाम पर ऐसी चढ़ी कि सबकुछ छोटा हो गया। छोटा इतना कि जो मोहब्बत में डूबी मेरी आंखों को दिखाई ना दे सका।

आज भी याद आता है वो दिन जब तुम्हारी बिखरी जुल्फों में मेरी उंगलियों के पोर उम्मीदों का सिरा ढूंढने में मशरूफ रहती थी। मैं तुम्हारी मुस्कुराहटों में उम्मीद के आसरे एक मुकम्मल जिंदगी का हिस्सा तराशता था, हमदोनों ‘मैं और तुम’ से कोसों दूर आगे चलकर ‘हम’ बनना चाह रहे थे। मगर ये हो ना सका और जो हुआ उसकी कल्पना भी शायद हमने की नहीं थी। लेकिन मोहब्बत की रवायत तो ऐसी ही रही है कि मोहब्बत उन रास्तों पर छोड़ देती है जहां से रास्ता तो सूझता है, मंजिल नहीं मिलती।

बस ‘सांस है तो अहसास है’ की तर्ज पर जिंदगी गुमनामी की अंधेरी कोठरी में घुट-घुट कर खत्म हो जाती है। आज फिर तुम लौट रही है, शायद लौटना तुम्हारी फितरत रही है। लौटते हुए भी तुम बेहद खूबसूरत लग रही। दुल्हन के जोड़े को दोनों हाथों से थामे जब सधे कदमों से तुम सीढ़ियां चढ़ रही रही थी तो मैं ही जानता हूं कि मेरे सीने में दिल की धड़कन कितनी शांत होने लगी थी। मैं जिंदा होकर भी मरने लगा था। तुम्हारी हाथों में रंगबिरंगी चूड़ियां और मेहंदी कितनी अच्छी लग रही थी।

यकीन को भी यकीन हो चला था कि शायद तुम्हारे हाथों की मेहंदी में मेरा नाम उकेरा होगा, लेकिन ऐसा नहीं था। ये दिन के उजाले में मेरी वहमी आंखों का देखा ख्बाव था जो पूरा नहीं हो सका। अब तो बस यही उम्मीद है कि तुम जाती हुई उस सीढियों पर ठहरना मत, पलट कर मत देखना मुझे, मैं गुजर चुका हूं उसे लम्हे से। तुम्हारी पायल भी शानदार बन पड़ी है, शायद दुल्हन के जोड़े में तुम्हारा यौवन और निखर गया है। लेकिन इतना तय है कि तुम बेहद और बेहद खूबसूरत लग रही हो आज। या तुमसे आखिरी मुलाकात के कारण मैं ऐसा सोच रहा हूं।

याद है तुम्हें एक दिन तुम अपनी हाथ मेरे हाथों में रखकर जानना चाहती थी कि आड़ी-तिरछी रेखाएं किस सिम्त जा रही है। फिर तुम मेरी हथेली की रेखाओं में अपनी मुकद्दर तलाशती और मैं तुम्हारी हाथ में अपनी जिंदगी देखता। मैंने दिल रखने के लिए कह दिया था कि हमदोनों की रेखाएं एक-दूसरे से आपस में जुड़कर एक मुकम्मल जहां बनाएगी। वो मेरी नादानी थी और अब ये वक्त है जो नादानी पर उतर गया है। तुम्हारा सवाल की क्या मैं तुम्हें भूल जाऊंगा, आज भी मुझे याद है। मैं आज भी इस सवाल को याद करके सिहरता जा रहा हूं।

मैं लिखता जा रहा और तुम्हारी आंखें हर सफ से मुझे झांक रही हैं। तुम्हारी हंसी मेरे शब्दों से निखरती जा रही है। तुम जा रही हो, तुम्हारी ये जुदाई मेरी जिंदगी के तमाम दर्द को जहर में तब्दील कर रही है। ये जहर अब मेरी जिंदगी की खुराक बन चुकी है, ये मुझे सभ्य और सौम्य बनाएगी। ये जहर ही मेरी जिंदगी का मुकद्दर है, तुम परेशान मत होना ये जहर मुझे मारेगा नहीं। तुम्हारी हाथों की रंगबिरंगी चूड़ियां आज भी मुझे याद है। और तुम्हारे बालों में सजा वो जूड़ा भी, जिसे तुमने उस रोज पहना था, जब तुम शादी के जोड़े में सीढ़ी पर चढ़ रही थी, मुझसे दूर जाने के लिए।

(समाप्त)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *