गुहला-चीका , 25 जुलाई
गुहला-चीका- उपमंडल अधिकारी (SDM) मनीष कुमार के नेतृत्व में शनिवार को शहर में अतिक्रमण हटाने और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों को “अतिक्रमण हटाओ, शहर को सुंदर बनाओ” का संदेश दिया गया। साथ ही वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया।
SDM मनीष कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि “छोटी सी लापरवाही जीवन पर भारी पड़ सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।”अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीड से बचने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी दौरान विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे युवाओं से भी SDM ने सड़क सुरक्षा को लेकर संवाद किया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। SDM ने युवाओं को शपथ दिलाई कि वे बिना हेलमेट दोपहिया वाहन नहीं चलाएंगे और अपने माता-पिता, भाई-बहनों तथा अन्य परिजनों को भी बिना हेलमेट घर से बाहर नहीं निकलने देंगे।उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता पैदा कर सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है।
शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसमें आम नागरिकों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों से अतिक्रमण हटाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की।
अन्य खबरें जानें-
AMBALA पुलिस ने बस स्टैंड के पास से हटवाया अवैध अतिक्रमण, कुछ स्थानों पर की छापेमारी

