रेवाड़ी, 16 नवंबर
दीपावली के छह दिन बाद मनाया जाने वाला छठ पर्व पूर्वांचलवासियों के प्रमुख आस्था और लोकविश्वास का प्रतीक है। इस पर्व पर श्रद्धालु सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं। इसी परंपरा के तहत शहर के सोलह राही स्थित तालाब पर छठ पूजा के लिए पूर्वांचलवासियों की भारी भीड़ उमड़ी।
आस्था की डुबकी से भक्तिमय हुआ तालाब तट
श्रद्धालुओं ने तालाब में आस्था की डुबकी लगाई और व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठ पर्व पर सूर्यदेव की उपासना करने से आरोग्य, सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। वहीं छठी मैया को संतान की रक्षा और परिवार के कल्याण की देवी माना जाता है। इसी विश्वास के चलते महिलाएं संतान की लंबी आयु और परिवार की खुशहाली के लिए कठिन निर्जला व्रत रखती हैं।
सोलह राही तालाब पर गूंजे छठी मैया के गीत
चार दिवसीय इस पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना किया जाता है, जिसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। तीसरे दिन अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, जबकि चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ व्रत का पारण किया जाता है। इस दौरान ठेकुआ, फल और अन्य पारंपरिक प्रसाद का विशेष महत्व रहता है। सोलह राही तालाब पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
अन्य खबरें जानें –
Yamunanagar में श्रद्धा-उल्लास से मना छठ महापर्व, CM सैनी हुए शामिल, यमुना तट पर की पूजा-अर्चना



