ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: पलवल के कैलाश नगर में 12 वर्षीय नाबालिग लडक़ी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका के परिजन जब शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर शमशान घाट पहुंचे। तो उसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि, लडक़ी की हत्या की गई है और चुपके से शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। सूचना मिलते पुलिस हरकत में आई और रात के समय ही शमशान घाट पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। कैंप थाना पुलिस ने फ़िलहाल मृतका के पिता की शिकायत पर मामले में 174 की कार्रवाई की है।

किठवाड़ी चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुरेंदर सिंह ने बताया कि शनिवार की रात सूचना प्राप्त हुई कि एक नाबालिग लडक़ी की हत्या की गई है और चुपके शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। रविवार सुबह जब कार्रवाई अमल में लाई गई। तो मृतका लडक़ी के पिता कैलाश नगर निवासी लखन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि, वह मूलरुप से यूपी के गांव कानीगढ़ी का रहने वाला है और पिछले कई वर्षो से यहां पर किराए के मकान में रह रहा है। उसकी 12 वर्षीय बेटी लक्ष्मी मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
लक्ष्मी ने शनिवार की शाम को घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और न ही उसको किसी पर शक और वह किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नही कराना चाहता। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में धारा 174 की कार्रवाई कर रविवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया और पुलिस द्वारा मामले में गहनता से जाँच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य पुलिस के हाथ लगते है। उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

