Nepal Bus Crash:
नेपाल में सोमवार तड़के करीब 1:15 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बस पर्यटकीय शहर पोखरा से काठमांडू जा रही थी। यात्री बस धादिंग जिले के चरौदी चौक के समीप चिनाधारा इलाके में त्रिशूली नदी में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 18 यात्रियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इसके आलावा 25 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जर्जर सड़क पर अनियंत्रित-
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस घुमावदार और जर्जर सड़क पर अनियंत्रित होकर नदी में गिरी। धादिंग जिला यातायात कार्यालय के प्रमुख शिशिर थापा के अनुसार, बस में मानक से अधिक सवारियां भी हो सकती हैं। इस संबंध में जांच शुरू कर दी गई है। हादसा देर रात होने के कारण राहत और बचाव कार्य में देरी हुई। मौके पर नेपाल सेना, पुलिस और स्थानीय लोग राहत कार्य में जुटे हुए हैं।
एक चीनी नागरिक की भी मौत-
नेपाल सरकार ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। पोखरा बस डिपो से जारी यात्रियों की सूची के अनुसार बस में कुल 28 यात्रियों के नाम दर्ज थे। इसमें एक चीनी नागरिक और 27 नेपाली यात्री शामिल हैं। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि बस में सूची से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।



