न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने हवाला कारोबार और आतंकवाद तथा अलगाववादी गतिविधियों के फंडिंग में शामिल होने के अंदेशा में कश्मीर और दिल्ली के कारोबारियों के 16 ठिकानों की तलाशी ली। बताया जाता है कि NIA के अधिकारियों ने बुधवार की सुबह श्रीनगर और उत्तरी कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में कारोबारियों के ठिकानों पर छापे मारे और व्यापक तलाशी ली। पुरानी दिल्ली में पांच व्यापारियों के ठिकानों पर भी छापे मारे गए। यह छापेमारी उस समय की गई जब एक दिन पहले NIA ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक स्वतंत्र फोटो पत्रकार भी शामिल है, जो पथराव करने और सोशल मीडिया के जरिए सुरक्षा बलों के खिलाफ समर्थन जुटाने में कथित तौर पर संलिप्त था।
NIA की यह कार्रवाई 30 मई को दर्ज मामले की जांच का हिस्सा है। इसमें पाकिस्तान स्थित जमात-उद-दावा और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नेता हाफिज सईद बतौर आरोपी नामजद है। NIA ने कश्मीर घाटी में अशांति पैदा करने के लिए आतंकवाद और आपराधिक गतिविधियों को कथित तौर पर फंडिंग देने के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें फंडिंग के लिए हवाला समेत विभिन्न अवैध माध्यमों के जरिए धनराशि जुटाने, पथराव, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और घाटी में शांति भंग करने के मामले भी शामिल है। 90 के दशक के बाद यह पहला मौका है जब राष्ट्रीय स्तर की सुरक्षा एजेंसी कार्रवाई कर रही है।
