ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में U-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल मैच खेलने उतरी टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से रौंद दिया। न्यूजीलैंड के बे-ओवल मैदान में शनिवार का दिन भारत के U-19 खिलाड़ियों का रहा। बात चाहे गेंदबाजी की हो या बल्लेबाजी की, टीम इंडिया ने हर क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया। पूरी सीरीज में टीम इंडिया का शानदार सफर जारी रहा। और, सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 203 रनों से हराने के बाद लग गया था कि फाइनल मैच टीम इंडिया ही जीतने वाली है।
वर्ल्ड कप में भारत की शानदार जीत
फाइनल : ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से रौंदा।
सेमीफाइनल : पाकिस्तान को 203 रनों के बड़े अंतर से हराया।
क्वार्टर फाइनल : बांगलादेश पर 131 रनों से शानदार जीत।
10 विकेट से न्यूजीलैंड और 10 विकेट से पापुआ न्यूगिनी को धोया।
जीत के नायक रहे कप्तान पृथ्वी शॉ
टीम इंडिया की कमान संभाल रहे कप्तान पृथ्वी शॉ वर्ल्ड कप जीत के नायक रहे। पहले मैच में ही शॉ ने 94 रनों की शानदार पारी खेली। दूसरे मैच में भी पापुआ गिनी के खिलाफ शॉ का बल्ला चला और टीम ने मैच जीत लिया। फाइनल में भी पृथ्वी शॉ ने 29 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।
मनजोत कालरा मतलब टीम का भरोसा
फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद शतक बनाने वाले मनजोत कालरा ने पूरी सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की है। पहले मैच में मनजोत ने 86 रन बनाए। हालांकि, चौथे मैच में मनजोत ने 5 रन बनाए, लेकिन अगले ही मैच में उन्होंने फॉर्म में लौटते हुए ताबड़तोड़ 47 रन ठोक दिए।
सीरीज में भारत के ट्रंप कार्ड बने शुभमन गिल
वर्ल्ड कप में शुभमन गिल टीम इंडिया की खोज रहे। शुभमन ने वर्ल्ड कप में 124 की औसत से रन बनाए। सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार 102 रनों की पारी खेली। पहले मैच में शुभमन ने 63 जबकि अगले मैच में क्रमश: 90, 86 रन बनाए। फाइनल में भी शुभमन ने 31 रन बनाए। शुभमन ने लगातार 6 U-19 मैचों में 50 से ज्यादा रन बनाकर रिकॉर्ड बनाया। उन्हें वर्ल्ड कप में शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी दिया गया।
सीरीज के मोस्ट विकेट टेकर अनुकूल रॉय
झारखंड के स्पिनर अनुकूल रॉय ने सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लिया। अनुकूल के हिस्से में सबसे ज्यादा 16 विकेट आए। पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ अनुकूल ने 14 रनों पर 5, जबकि जिम्बांबे के खिलाफ 20 रनों पर 4 विकेट बनाए। फाइनल में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दो खिलाड़ियों को आउट किया।
टीम इंडिया के गेंदबाजी की कमान संभालने वाले शिवम मावी जब भी बॉलिंग करते हैं तो बल्लेबाज के दिल में डर बैठ जाता है। पहले मैच में 45 रनों पर 3 विकेट निकालने वाले शिवम ने 6 मैचों में कुल 9 विकेट निकालकर टीम को जीत दिलाने में खास भूमिका निभाई।
भारत का नया स्पीडस्टार नगरकोटी
18 साल की उम्र में 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले कमलेश नगरकोटी को भारत का नया स्पीडस्टार कहा जा रहा है। कमलेश ने 6 मैच खेलकर 9 विकेट झटके। नगरकोटी ने शानदार गेंदबाजी की बदौलत आईपीएल में भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
पाकिस्तान को रूलाने वाला गेंदबाज पोरेल
सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 203 रनों से हराने में गेंदबाज इशान पोरेल ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। पोरेल ने पाकिस्तान के खिलाफ 17 रन देकर 4 विकेट लिए थे। पोरेल को किफायती गेंदबाजी के लिए भी जाना जाता है। हर मैच में उनकी लाइन और लेंथ निखरती चली गई, जिससे टीम इंडिया को फायदा हुआ।
गेंद में धार के साथ रफ्तार करते शामिल
तेज गेंदबाज शिवा सिंह भले ही 6 मैचों में 5 विकेट लिए हों, लेकिन उनकी गेंदबाजी में धार के साथ ही रफ्तार भी है। शिवा को सधी हुई गेंदबाजी के लिए जाना चाता है। जब जरूरत पड़ी तो शिवा ने 12 गेंद में ताबड़तोड़ 23 रन ठोक दिए।
ऑलराउंडर अभिषेक का हर कोई दीवाना
टीम इंडिया में शामिल अभिषेक शर्मा सीरीज में ऑलराउंडर बनकर उभरे। बात गेंदबाजी की हो या बल्लेबाजी की, अभिषेक ने विकेट लेने के साथ ही रन भी बनाए। सीरीज में अभिषेक ने एक फिफ्टी भी बनाया।






