ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:हरियाणा में बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ अभियान उस समय फेल होता नजर आया, जब एक बेटी को स्कूल में टीचर ने बुरी तरह से पीटा। इस छात्रा की टीचर ने इतनी बेरहमी से पिटाई की कि वो सहम गई, जिसके बाद उसने अपने परिजनों को इस घटना की पूरी जानकारी दी। मामला करनाल के इंद्री का है।
हद तो तब पार हो गई, जब माता-पिता के बताने के बावजूद स्कूल संचालक ने छात्रा को ही धमकाया और उसके खिलाफ केस दर्ज करवाने की बात कही।
मामला जब मीडिया में पहुंचा, तो स्कूल संचालक ने पीड़िता के माता- पिता को ही बेटी का नाम स्कूल से काटने की धमकी दे डाली। अब इस घटना से स्कूल प्रबंधन के तानाशाही और मनमानी रवैये से अभिभावक काफी परेशान हैं।
दरअसल, इंद्री के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में पढ़नी वाली निशा की मासिक परीक्षा चल रही थी। इस दौरान आरोपी टीचर कुलदीप सिंह ने नकल का आरोप लगाते हुए छात्रा की बेरहमी से पिटाई कर दी। जिसके बाद घर पहुंचकर छात्रा ने माता- पिता को पूरी जानकारी दी और अगले दिन स्कूल जाने से मना कर दिया। अभिभावक जब स्कूल संचालक के पास पहुंचे, तो उसने तानाशाही दिखाते हुए उलटा छात्रा का नाम स्कूल से काटने की धमकी दे डाली।



