पंचकूला, 14 नवंबर
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है। आवश्यकता केवल उस प्रतिभा को पहचानने, उसे सही दिशा देने और आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर उपलब्ध करवाने की है। सुमन सैनी आज ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम सेक्टर-3 में हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण एवं बाल दिवस समारोह में मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रही थी।
बाल कल्याण प्रतियोगिता में 381 बच्चे सम्मानित
इस मौके पर सुमन सैनी बाल कल्याण परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के 381 विजेता बच्चों को सम्मानित किया। सुमन सैनी ने कहा कि बाल दिवस केवल बच्चों के प्रति स्नेह व्यक्त करने का अवसर नहीं है बल्कि यह उनके अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को दोहराने का भी दिन है। बच्चे किसी भी राष्ट्र की सबसे अमूल्य धरोहर होते हैं। उनकी मुस्कान में समाज की खुशहाली और उनकी प्रतिभा में राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई देती है।
बच्चों के उत्साह से खुश हुईं सुमन सैनी
उपस्थित बच्चों को संबोधित करते हुए सुमन सैनी ने कहा कि वे बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिभा को देखकर बहुत खुश है। आप में से कोई चित्रकला में निपुण है, कोई संगीत में, कोई नृत्य में, कोई खेलों में और कोई अपनी रचनात्मक सोच से नई पहचान बना रहा है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे जीवन में बड़े सपने देंखे, उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करें और कभी भी असफलता से न घबराए।
आत्मविश्वास ही बच्चों की असली ताकत
सुमन सैनी ने कहा किप्रतियोगिता में पुरस्कार जीतना महत्वपूर्ण है लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भाग लेना, कुछ नया सीखना और अपने आत्मविश्वास को मजबूत करना है। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद वर्ष 1971 से प्रदेश में बच्चों के कल्याण, संरक्षण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। परिषद का उद्देश्य केवल बच्चों को सुविधाएं उपलब्ध करवाना नहीं बल्कि उन्हें ऐसा सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना है, जिसमें वे अपनी क्षमताओं को पहचान सके और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
प्रदेश में 23 बाल भवन, 24 मिनी बाल भवन
आज परिषद द्वारा प्रदेशभर में 23 बाल भवन तथा 24 मिनी बाल भवन संचालित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से बच्चों के ज्ञानवर्धन, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस संकल्प को साकार करने में आज के बच्चों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। आज हम बच्चों को जैसी शिक्षा, संस्कार, सुविधाएं और अवसर प्रदान करेंगे, वैसा ही हमारा भविष्य बनेगा।
बच्चों का विकास सरकार की प्राथमिकता
सुमन सैनी ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव, सामाजिक परिस्थितियों या अवसरों की कमी के कारण अपनी प्रतिभा को विकसित करने से वंचित न रह जाए। विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण पर निरंतर बल दिया जा रहा है। हमारी बेटियां आज शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और अन्य अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।
2 लाख बच्चों ने दिखाया टैलेंट
सुमन सैनी ने कहा कि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा प्रतिवर्ष बाल दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी जिला, मंडल और राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर से लगभग दो लाख बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की आयु और शैक्षणिक स्तर के अनुसार उन्हें चार समूहों में विभाजित किया गया ताकि प्रत्येक बच्चे को अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
बच्चों में संस्कार और आत्मविश्वास जरूरी
सुमन सैनी ने कहा कि बच्चों को केवल अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना ही पर्याप्त नहीं है। उनमें अच्छे संस्कार, अनुशासन, संवेदनशीलता, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। हमें बच्चों को ऐसा वातावरण देना होगा, जहां वे बिना किसी भय या संकोच के अपने विचार व्यक्त कर सकें, प्रश्न पूछ सकें और अपनी प्रतिभा को विकसित कर सकें।
प्रतिभा खोज से डे-केयर तक की सुविधाएं
सुमन सैनी ने हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं से संबंधित लगाए गए स्टालों का अवलोकन भी किया। परिषद की मानद महासचिव मीना कंबोज ने बताया कि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा बाल भवन एवं लघु बाल भवनों के माध्यम से बच्चों के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण, सिलाई कढाई, सौंदर्य देखभाल, पुस्तकालय, क्रैच, डे-केयर एवं प्रतिभा खोज जैसी अनेक गतिविधियां संचालित की जा रही है। इसके अतिरिक्त अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों के संरक्षण एवं पुरर्वास हेतू भी अनेक कल्याणकारी कार्यक्रम चलाए जा रहे है।
381 बच्चों ने राज्य स्तर पर मारी बाजी
मीना कंबोज ने कहा कि परिषद का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चें को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा, समान अवसर एवं अपनी प्रतिभा विकसित करने का मंच प्रदान करना है।उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य के अंतर्गत परिषद द्वारा प्रतिवर्ष बाल दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी जिला, मंडल एवं राज्य स्तर पर 19 विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिनमें पूरे प्रदेश से लगभग 2 लाख बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इन प्रतियोगिताओं के विभिन्न चरणों से गुजरते हुए 381 प्रतिभाशाली बच्चों ने राज्य स्तर पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
अन्य खबरें जानें-
DAY 297 OF GANGSTRAN TE VAAR: PUNJAB POLICE CONDUCTS 525 RAIDS; 163 HELD



