फिरोजपुर, 14 नवंबर
पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर में स्थित शहीद भगत सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी में आज पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान विशेष रूप से पहुंचे। समारोह के दौरान दोनों ने विद्यार्थियों को डिग्रियां और मेडल प्रदान किए।
तकनीकी शिक्षा ही युवाओं का भविष्य – CM मान
यूनिवर्सिटी की ओर से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने संबोधन में कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के लिए शहीद भगत सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी किसी वरदान से कम नहीं है। आज का समय तकनीकी शिक्षा का है और युवाओं को समय के साथ आगे बढ़ने के लिए तकनीकी ज्ञान हासिल करना बहुत जरूरी है।
यूनिवर्सिटी में JEE-NEET की भी तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों को JEE और NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी भी करवाई जाती है। वर्ष 2022 में पंजाब में सरकार बनने के बाद सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया गया है। इसका परिणाम है कि वर्ष 2026 में सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा पास की।
मुख्यमंत्री ने युवाओं में सेना में भर्ती होने के घटते रुझान पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सिख रेजिमेंट में भर्ती के लिए युवाओं की कमी देखने को मिल रही है। सरकार की ओर से युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करने के लिए कैंप भी लगाए जा रहे हैं।
मुख्यंमत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब युवा विदेश जाने को प्राथमिकता देने लगे थे, लेकिन युवाओं को अपनी धरती से जुड़े रहना चाहिए।भगवंत मान ने कहा कि यह धरती हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं है। हमें अपनी धरती को बेहतर बनाने और यहीं रहकर आगे बढ़ने के प्रयास करने चाहिए।
डिग्री पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब को स्कूल शिक्षा के साथ-साथ कॉलेज और यूनिवर्सिटी स्तर पर भी देश में आगे लाने की जरूरत है।समारोह के दौरान विद्यार्थियों और उनके परिवारों में खासा उत्साह देखने को मिला। डिग्री और मेडल हासिल करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह दिन यादगार बन गया।
अन्य खबरें जानें-



