ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:- सियाचिन ग्लेशियर में सोमवार को हुए हिमस्खलन में छह लोगों की मौत हो गई I इस हिमस्खलन में शहीद हुए सेना की पेट्रोलिंग टीम के चार जवानों की शिनाख्त की जा चुकी है। इनमें तीन पंजाब और एक हिमाचल प्रदेश के जवान शामिल हैं। साथ ही हिमस्खलन की चपेट में आए दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जारी है ।
शहीदों में होशियारपुर जिले की मुकेरियां तहसील के सैडोन गांव के सिपाही डिंपल कुमार, अमृतसर जिले की अजनाला तहसील के घोनेवाल गांव के नायक मनिंदर सिंह, संगरूर जिले की मलेरकोटला तहसील के गोवारा गांव के सिपाही वीरपाल सिंह भी शामिल हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के शहीज जवान की पहचान सोलन जिले की अरकी तहसील के डोचि गांव के सिपाही मनीष कुमार के रूप में कि गई है। बताया जा रहा है कि, पेट्रोलिंग टीम पोर्टरों सहित चौकी पर बीमार हुए एक व्यक्ति को निकालने गई थी ।
दुख की बात है कि, इसी दौरान पेट्रोलिंग टीम 19 हजार फीट की ऊंचाई पर काजी बाना पोस्ट के बीच हिमस्खलन का शिकार हो गई । जानकारी के मुताबिक शहीद सैनिकों का पार्थिव शरीर बुधवार को लाया जाएगा और फिर वहां से उनके पैतृक गांव पहुंचाया जाएगा , जहां उन का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं शहीद के चाचा जगदीश सिंह ने बताया कि मनीष को चार दिन में पैतृक गांव दोची आना था। क्योंकि मनीष दीपावली को भी घर नहीं आ पाया था। सेना में भर्ती होने से पहले तक भी मनीष अपने पिता के साथ ही घर में सोता था। शहीद के मौसा भरतराम और चाचा बाबुराम ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे सैन्य अधिकारियों का फोन आया कि सियाचिन में हुए हिमस्खलन में कुछ सैनिकों की कैजुअल्टी हो गई है, जिनमें मनीष भी शामिल हैI साथ ही अधिकारियों ने उन्हें बताया कि शहीद का पार्थिव शरीर सियाचिन से लेह लाया जाएगा उसके बाद हेलिकाप्टर के माध्यम से गांव तक पहुंचाया जाएगा ।
मनीष के शहीद होने की जानकारी मिलते ही अर्की से तहसीलदार संतराम शर्मा और एसडीएम कार्यालय से परविंद्र वर्मा सैनिक के घर पहुंच गए हैं और परिजनों को ढांढस बंधाया है । आपको बतादें कि, सियाचिन ग्लेशियर में इन दिनों माइनस 30 डिग्री तापमान होता है। ये दुनिया का सबसे ऊंचा रणक्षेत्र माना जाता है यहां दुश्मन की बजाय मौसम आधारित परिस्थितियों से सैनिकों की जान ज्यादा जाती है और जवान शहीद होते हैं। जानकारी के मुताबिक फरवरी 2016 में हुए हिमस्खलन में भी 10 जवान शहीद हुए थे।

