ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी पर मंगलवार को एक व्यक्ति ने जूता फेंक दिया। दरअसल, ओवैसी दक्षिणी मुंबई के नागपाड़ा इलाके में एक रैली को संबोधित करने के दौरान तीन तलाक के मुद्दे पर जमकर भड़ास निकाली। ओवैसी ने तीन तलाक के मुद्दे पर केंद्र सरकार के रूख का विरोध किया। ओवैसी तीन तलाक पर बोल रहे थे, इसी दौरान एक शख्स ने उन पर जूता फेंक दिया। हालांकि, सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारियों ने ओवैसी को बचा लिया। घटना के बाद AIMIM चीफ ने कहा कि ‘मैं लोकतांत्रिक अधिकारों के रक्षा के लिए जान देने को तैयार हूं। निराश लोग ऐसी हरकत करते हैं क्योंकि तीन तलाक पर सरकार के फैसले को मुसलमानों ने स्वीकृत नहीं किया है।‘
15 लाख नहीं तो 15 हजार ही दे दो मित्रों!
ओवैसी ने आगे कहा कि ‘जूता फेंकने वाले लोग महात्मा गांधी, नरेंद्र दाभोलकर, गोविंद पानसरे के हत्यारों की विचारधारा को फॉलो करते हैं। लेकिन उन्हें सच बोलने से कोई नहीं रोक सकता है।’ उन्होंने आगे कहा कि तीन तलाक के मसले पर मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाने के नाम पर भाजपा शरियत को निशाना बनाना चाहती है। ओवैसी ने मांग किया कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि तीन तलाक के बाद महिलाओं को हर महीने 15 हजार रूपये गुजारा भत्ता मिले। PM मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ’15 लाख नहीं तो 15 हजार ही दे दो मित्रों।’ बता दें तीन तलाक से संबंधित बिल शीतकालीन सत्र में लोकसभा से पारित हो गया है, लेकिन राज्यसभा में अभी भी लंबित है।
‘पद्मावत’ को देखने में वक्त बर्बाद ना करें
AIMIM चीफ ओवैसी ने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ पर भी बयान देते हुए इसे बकवास करार दिया। साथ ही मुस्लिम समुदाय से फिल्म नहीं देखने की अपील कर डाली। उन्होंने कहा कि ‘मुस्लिम समुदाय के लोग फिल्म देखने के चक्कर में अपना कीमती समय बर्बाद ना करें। अल्लाह ने आपको दो घंटे फिल्म देखने के लिए नहीं बनाया है।‘ संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ बहुत बुरी और बकवास है। देश के मुस्लिम समुदाय को राजपूतों से सीख लेने की जरूरत है। मुसलमानों को सीखना चाहिए कि कैसे राजपूत समुदाय फिल्म रिलीज के विरोध में सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन कर रहा है। इस दौरान ओवैसी ने भाजपा पर मुस्लिम मुक्त भारत बनाने का आरोप भी जड़ दिया।


