नूंह, 8 सितंबर
हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुन्हाना सिटी थाना प्रभारी कुंदन सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम ने रिश्वत की रकम मौके से बरामद कर ली। थाना प्रभारी की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक रेप मामले में नाम हटाने की एवज में थाना प्रभारी द्वारा कथित तौर पर एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायतकर्ता से सौदे के तहत 50 हजार रुपये की पहली रकम लेने के दौरान विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर थाना प्रभारी को दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि रेप का मामला पिनगवां थाना क्षेत्र में दर्ज हुआ था, जिसकी जांच के लिए केस को पुन्हाना सिटी थाना भेजा गया था। इसी मामले में नाम हटाने को लेकर रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत विजिलेंस तक पहुंची। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और सोमवार को पुन्हाना सिटी थाना प्रभारी को 50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद करने के साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए। गिरफ्तारी के बाद आरोपी थाना प्रभारी से पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि रिश्वत की रकम की मांग और पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।थाना प्रभारी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पुलिस विभाग में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
नूंह जिले में इससे पहले भी विजिलेंस की टीम कई सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर चुकी है। ताजा कार्रवाई ने पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर सवाल और चर्चा दोनों तेज कर दिए हैं।
फिलहाल विजिलेंस ब्यूरो की ओर से आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में पूछताछ और जांच के बाद रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
अन्य खबरें जानें –
कैथल में नगर परिषद ने हड़ताल पर गए 6 कर्मचारियों को किया सस्पेंड, सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप

