PANCHKULA में समझौते की बैठक बनी खूनी संघर्ष, जूस विक्रेता की चाकू मारकर हत्या, एक युवक गंभीर रूप से घायल

पंचकूला , 17 जुलाई पंचकूला के MDC क्षेत्र में  रंजिश को लेकर समझौते के लिए बुलाई गई बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। वीरवार रात…

पंचकूला
पंचकूला , 17 जुलाई

पंचकूला के MDC क्षेत्र में  रंजिश को लेकर समझौते के लिए बुलाई गई बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। वीरवार रात करीब 9 बजे सकेतड़ी रोड स्थित भाजपा कार्यालय के समीप पार्क में हुए विवाद के दौरान जूस विक्रेता कपिल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। मृतक की पहचान MDC सेक्टर-4 निवासी कपिल के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ सेक्टर-4 में रहता था और MDC में जूस की रेहड़ी लगाकर आजीविका चलाता था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कपिल की कुछ युवकों से रंजिश चल रही थी। इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष पार्क में पहुंचे थे। मौके पर दोनों पक्षों के करीब 20 से 25 युवक मौजूद थे। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान कपिल पर चाकू से वार किए गए। गंभीर रूप से घायल कपिल किसी तरह पार्क से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंचा, लेकिन वहीं गिर पड़ा।

पंचकूला

इसी दौरान सामने से गुजर रही डायल-112 पुलिस टीम को देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए। डायल-112 की टीम ने घायल कपिल को तत्काल सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हमले में घायल दूसरे युवक की पहचान सकेतड़ी निवासी अभिषेक के रूप में हुई है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात करीब 11 बजे DCP क्राइम अमरिंदर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को मुख्य वजह माना जा रहा है।

अन्य खबरें जानें –

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *