ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: आईएएस अधिकारी जगदीप सिंह के बेटे को ए ग्रेडेशन सर्टिफिकेट दिए जाने का मामला फिर गरमा गया है। हरियाणा सरकार द्वारा खेल विभाग के प्रधान सचिव,निदेशक और HPSC के एक अधिकारी की 3 सदस्यीय कमेटी के गठन पर खेमका ने सवाल उठाये हैं।
अशोक खेमका ने इस बारे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल को फिर पत्र लिखा है। खेमका ने कहा, जिन अधिकारियों से उनके कार्यों के लिए जवाब तलब किया जाना था, उन्हीं अधिकारियों को जांच कमेटी में शामिल कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव को मुख्यमंत्री को यह मामला गंभीरता के साथ समझाना चाहिए था लेकिन जांच कमेटी के गठन से लगता है कि ऐसा नहीं किया गया। खेमका ने कहा, इसलिए मुझे मुख्यमंत्री से मिलकर मामले को समझाने का मौका दिया जाए। जांच किसी भी अपराध को व्हाइट वाश करने के लिए नही होना चाहिए।


