ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: एक ओर हरियाणा सरकार प्रदेश को शिक्षा का हब बनाने का दावा करती है। वहीं असलियत इसके पूरी तरह से उलट ही है। रेवाड़ी के रतनथल के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पिछले डेढ़ साल से कईं विषयों के अध्यापक ही नहीं है, जिसके कारण कईं छात्र स्कूल छोड़ चुके है और कई मजबूरी में दूसरे विषय लेकर पढ़ाई कर रहे हैं।
सरकार बनने के बाद शुरूआती चरण में केंद्र मोदी सरकार बच्चों की पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर दिखी। लोगों को बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक करने के लिए बकायदा विज्ञापन भी चलाए गए। केंद्र सरकार की ओर से देश को आगे ले जाने के लिए पढ़ेगा इंडिया तभी तो बढ़ेगा इंडिया जैसे नारे दिए गए, लेकिन लगता है कि अब उसी बीजेपी के नेता अपने ही नारे को भूलते जा रहे है। कम से कम हरियाणा में तो कुछ ऐसा ही नजर आ रहा है।
रेवाड़ी जिले के रतनथल गांव के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पिछले डेढ़ साल से मैथ, फिजिक्स और सोशल साइंक के अध्यापक ही नहीं है। अध्यापकों के न होने के कारण छात्रों को मजबूरी में दूसरे विषयों की पढ़ाई करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने स्कूल की इस समस्या को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी, डीसी, शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री तक से गुहार लगाई, लेकिन किसी ने भी उनकी कोई सुनवाई नहीं की। ग्राम पंचायत के सरपंच जयभगवान ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही स्कूल में शिक्षकों की कमी को पूरा नहीं किया तो पंचायत स्कूल में ताला लगा देगी।


