Sirsa में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 37 दिन बाद खत्म, मिठाई बांटकर मनाया जश्न, कूडे के ढेर से लोगों को मिलेगी राहत

सिरसा, 12 सितंबर हरियाणा और सिरसा जिला में पिछले 37 दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। सरकार द्वारा…

सिरसा

सिरसा, 12 सितंबर

हरियाणा और सिरसा जिला में पिछले 37 दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। सरकार द्वारा कर्मचारियों की मांगों को पूरा किए जाने के बाद सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने का ऐलान किया है। हड़ताल खत्म होने के साथ ही सफाई कर्मचारी दोबारा अपने काम पर लौट आए हैं और शहर की सड़कों पर सफाई व्यवस्था संभालते हुए नजर आए।

37 दिनों तक चली इस हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए थे। सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से आम लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई इलाकों में गंदगी और कूड़े के ढेर के कारण लोगों को बदबू का सामना करना पड़ रहा था। वहीं लंबे समय तक सफाई नहीं होने के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आ रही थी।ऐसे में डेंगू, मलेरिया के फैलने का खतरा भी बना रहता है।लेकिन अब कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के बाद शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद जगी है।

सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त होने के बाद सिरसा के नगर परिषद कार्यालय में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी है। कर्मचारियों में हड़ताल खत्म होने और अपनी मांगें पूरी होने को लेकर खुशी का माहौल देखने को मिला है। कर्मचारियों ने एक-दूसरे को हार पहनाकर भी संघर्ष की जीत की बधाई दी है। इस दौरान कर्मचारियों के चेहरों पर लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता की खुशी साफ दिखाई दी है ।

कर्मचारियों ने कहा कि 37 दिनों तक उन्होंने अपनी मांगों को लेकर संघर्ष किया और आखिरकार सरकार के साथ हुई बातचीत के बाद उनकी मांगों को पूरा करने का रास्ता साफ हुआ है। हड़ताल खत्म होने के बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, निकाय मंत्री विपुल गोयल और कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी का आभार जताया। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार द्वारा उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया गया, जिसके बाद उन्होंने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया है।

कर्मचारी नेता मनोज कुमार ने कहा कि कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर लंबे समय तक शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष किया है। इस दौरान कर्मचारियों ने कई बार प्रदर्शन किए और सरकार तक मीडिया के जरिए अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि कर्मचारियों की एकजुटता और लगातार संघर्ष के कारण उनकी मांगों पर सरकार ने गंभीरता से विचार किया है। हड़ताल खत्म होने के बाद अब सबसे बड़ा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है।

कर्मचारी दोबारा अपने काम पर लौट आए हैं। सफाई कर्मचारी सड़कों पर झाड़ू लगाते और कूड़ा उठाते हुए नजर आए। जिन इलाकों में पिछले कई दिनों से सफाई व्यवस्था प्रभावित थी, वहां अब सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है।सफाई कर्मचारियों के काम पर लौटने से शहरवासियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से जमा कूड़े को हटाने और शहर को साफ-सुथरा बनाने की चुनौती अब नगर परिषद के सामने है। कर्मचारियों के वापस काम पर लौटने के बाद नगर परिषद को भी सफाई व्यवस्था को सामान्य स्थिति में लाने के लिए तेजी से काम करना होगा।

कर्मचारियों का कहना है कि उनका संघर्ष केवल अपनी मांगों को लेकर था। उनका उद्देश्य अपनी समस्याओं को सरकार के सामने रखना और उनका समाधान करवाना था। अब जब सरकार की ओर से उनकी मांगों को पूरा करने की दिशा में कदम उठाया गया है, तो उन्होंने हड़ताल खत्म कर जनता की सेवा में वापस लौटने का फैसला लिया है।

अन्य खबरें जानें –

Yamunanagar में गड्ढे ने ली 1 साल के मासूम की जान, 3 फीट गहरे पानी में डूबा सिद्धांत, नर्सरी में खेलते समय हुआ हादसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *