फरीदाबाद , 1 सितंबऱ
फरीदाबाद शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को एक महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट पाई है। हड़ताल के चलते शहर के अलग-अलग इलाकों में जगह-जगह कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। गंदगी के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कूड़े के ढेर के आसपास आवारा पशुओं का जमावड़ा भी लगातार बना हुआ है। सड़क किनारे जमा कचरे के बीच आवारा पशुओं के घूमने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि कई जगहों पर लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। गंदगी और कूड़े के ढेर के कारण लोगों को बीमारियां फैलने का डर भी सता रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि साफ सफाई नहीं होने से बदबू और मच्छरों की समस्या बढ़ रही है, जिससे उनका घरों से निकलना तक मुश्किल हो रहा है।शहर में जगह-जगह दिखाई दे रहे कूड़े के ढेर नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर रहे हैं। लोगों की मांग है कि नगर निगम जल्द से जल्द सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का समाधान निकाले और शहर की सफाई व्यवस्था को दोबारा दुरुस्त किया जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आखिर कब तक खत्म होगी और फरीदाबाद शहर को कूड़े के ढेर से कब तक निजात मिलेगी? शहरवासियों को अब नगर निगम की ओर से ठोस कार्रवाई का इंतजार है।
अन्य खबरें जानें –



