रेवाड़ी, 13 जुलाई
रेवाड़ी में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिले के ग्रामीण चौकीदारों ने सोमवार को प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के माध्यम से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपा है। प्रदर्शन के दौरान चौकीदारों ने लंबित साइकिल भत्ता जारी करने, समय पर मानदेय देने तथा मानदेय में बढ़ोतरी की मांग उठाई है। प्रदर्शनकारी चौकीदारों ने आरोप लगाया कि करीब एक वर्ष से उन्हें साइकिल भत्ता नहीं मिला है। उनका कहना है कि हरियाणा सरकार ने चौकीदारों को पांच वर्षों के लिए साइकिल भत्ता देने का बजट स्वीकृत किया हुआ है, लेकिन रेवाड़ी जिले के कई ब्लॉकों के चौकीदार अब भी इस सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने विशेष रूप से बावल, धारूहेड़ा, जाटूसाना और खोल ब्लॉकों के चौकीदारों का साइकिल भत्ता शीघ्र जारी करने की मांग की।
चौकीदारों का कहना है कि संबंधित सभी ब्लॉकों की सूची पहले ही DDPO कार्यालय में जमा कराई जा चुकी है, इसके बावजूद अब तक भत्ते की राशि उनके खातों में नहीं पहुंची है। चौकीदारों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें समय पर मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मिलने वाला 9,680 रुपये का मासिक मानदेय महंगाई के दौर में परिवार का भरण-पोषण करने के लिए पर्याप्त नहीं है। इसलिए सरकार को मानदेय में जल्द बढ़ोतरी करनी चाहिए।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार चौकीदारों के हितों की बात तो करती है, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चौकीदारों के लिए अब तक कोई स्पष्ट और प्रभावी नीति नहीं बनाई गई है। प्रदर्शन में शामिल चौकीदारों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि वे स्वयं हस्तक्षेप कर लंबित साइकिल भत्ता जारी करवाने, समय पर मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने तथा मानदेय में वृद्धि सहित उनकी सभी मांगों का शीघ्र समाधान करवाएं।
अन्य खबरें जाने –



