यमुनानगर , 13 जुलाई
यमुनानगर के गांव भीलपुरा से हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां करीब 15 फीट लंबे और लगभग 50 किलो वजनी अजगर ने एक जिंदा बकरी को निगल लिया। सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अजगर ने बकरी को बाहर उगल दिया। इसके बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया।
यमुनानगर जिले के गांव भीलपुरा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने खेतों के पास एक विशालकाय अजगर को देखा। बताया जा रहा है कि करीब 15 फीट लंबे और लगभग 50 किलो वजनी इस अजगर ने एक जिंदा बकरी को अपना शिकार बनाकर निगल लिया था।अजगर को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन्यजीव विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान टीम ने अजगर को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित किया। कुछ समय बाद अजगर ने निगली हुई बकरी को बाहर उगल दिया। हालांकि, बकरी की जान नहीं बच सकी। इसके बाद वन्यजीव विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की।
वन्यजीव विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में अजगर या कोई अन्य जंगली जीव दिखाई दे, तो घबराएं नहीं और न ही उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करें। तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
अन्य खबरें जाने –



