Rewari ACB Action:
रेवाड़ी में बिजली कनेक्शन दोबारा जोड़ने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आने पर एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सख्त कार्रवाई की. एसीबी नें बिजली विभाग के दो कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में लाइनमैन मुकेश और क्लर्क संजय शामिल हैं. दोनों को 20,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने दबोचा.
कर्मचारी कर रहे थे 25,000 रुपये की मांग-
जानकारी के अनुसार करनावास निवासी राजेंद्र ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका बिजली कनेक्शन दोबारा जोड़ने की एवज में विभागीय कर्मचारी उससे 25,000 रुपए की रिश्वत मांग रहे थे. शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया. शिकायतकर्ता से तयशुदा राशि लेते ही एसीबी ने एक्शन लेते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया. यह पूरी कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एम.आई. काढ़ा की मौजूदगी में एसीबी इंस्पेक्टर वेद प्रकाश के नेतृत्व में की गई. एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है. इस कार्रवाई से विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन ने एसीबी की इस कार्रवाई की सराहना की है.



