न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : अगर आप भी बिजली बिल में कमी लाने के उद्देश्य से एलईडी (Light Emitting Diode : LED) का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। भले ही केंद्र सरकार घर-घर तक LED बल्ब पहुंचाने के लिए योजना चला रही हो, लेकिन अधिकांश बल्ब आपके लिए सही नहीं हैं। मार्केट रिसर्च फर्म नीलसन (Nielsen) की सर्वे में इसका खुलासा हुआ है। रिसर्च फर्म ने मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद और नई दिल्ली के दो सौ इलेक्ट्रिकल रिटेल आउटलेट्स में जाकर LED बल्ब का सर्वे लिया, जिसके बाद इस सच का पता चला है।
रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि नकली LED बल्ब सरकार के मेक इन इंडिया प्रोग्राम के लिए नुकसानदायक है। साथ ही इससे सरकार की मंशा पर भी सवालिया निशान लग गया है। अगस्त में ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) ने LED बल्ब निर्माताओं को आदेश दिया था कि सभी प्रोडक्ट पर सुरक्षा जांच से जुड़े रजिस्ट्रेशन का उल्लेख होना चाहिए। लेकिन अधिकांश निर्माता इसका पालन नहीं कर रहे हैं। रिपोर्ट से पता चलता है कि 48 प्रतिशत बल्ब पर निर्माताओं का पता जबकि 31 प्रतिशत पर निर्माताओं के नाम का उल्लेख नहीं है।
