केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश से लुधियाना कांग्रेस में मायूसी, नहीं लगेगी इंदिरा गांधी की प्रतिमा

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : पंजाब कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है और हालत यह है कि प्रदेश कांग्रेस के नेता केंद्रीय नेतृत्व की…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : पंजाब कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है और हालत यह है कि प्रदेश कांग्रेस के नेता केंद्रीय नेतृत्व की आज्ञा के बिना कुछ भी फैसला ले लेते हैं। एकबार फिर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के कारण पूरी पार्टी को फजीहत का सामना करना पड़ा है। दरअसल, 31 अक्टूबर को भूतपूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि पर लुधियाना में उनकी प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की गई थी। इस घोषणा का पंजाब अकाली दल ने विरोध किया और ऐसा नहीं करने की सलाह दी। लेकिन लुधियाना कांग्रेस के नेता अड़े रहे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। यहां तक कि लुधियाना पुलिस भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार थी।

आखिर में केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रतिमा स्थापित करने के फैसले को वापस ले लिया गया। दरअसल, कांग्रेस नेता विजय अग्निहोत्री ने घोषणा किया था कि 31 अक्टूबर को जिला कांग्रेस भवन में इंदिरा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं के साथ कई दौर की बैठक की थी। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री कार्यालय भी दबी जुबान में प्रतिमा के अनावरण का आदेश दे दिया था। हालांकि, पुलिस ने आशंका जाहिर की थी, इससे स्थिति गंभीर हो सकती है, बावजूद कांग्रेसी अड़े थे। हालांकि केंद्रीय नेतृत्व ने स्थिति का आंकलन कर लिया और कार्यक्रम रद्द करने का निर्देश दे दिया।

पार्टी ने जयपुर से इंदिरा गांधी की प्रतिमा को मंगाया था, जो सोमवार को लुधियाना पहुंच गई थी। पार्टी के नेताओं ने बताया कि प्रतिमा स्थापित करने के पूर्व मार्च निकालने की प्लानिंग की गई थी। बाद में मार्च को वापस ले लिया गया और प्रतिमा स्थापित करने की बात कही गई। लेकिन केंद्रीय नेतृत्व के आदेश के बाद ऐन वक्त पर सारी कवायद धरी की धरी रह गई। बता दें कि स्वर्ण मंदिर में घुसे आतंकवादियों को निकालने के लिए इंदिरा गांधी ने ऑपरेशन ब्लूस्टार चलाने का आदेश दिया था। इस घटना के विरोध में एक सिख अंगरक्षक ने उनकी हत्या कर दी थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *