ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: देश की राजधानी दिल्ली में पिछले तीन दिनों से हो रही हिंसा तो रुक गई है लेकिन अब इस हिंसा की आग पर सियासी राजनीति गर्माने लगी है, और राजनीतिक बयानबाजी का दौर भी शुरु हो गया है। तो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के द्वारा मोदी सरकार पर किए गए ‘राजधर्म’ के हमले वाले बयान पर अब भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार करते हुए गांधी पर निशाना साधा है।
केंद्रीय मंत्री ने साधा निशाना
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी राजधर्म के नाम पर लोगों को भड़काने का काम ना करे, इस बीच बीजेपी नेता ने आरोप लगाया है कि सोनिया गांधी ने रामलीला मैदान में भड़काऊ बयान दिए थे। रविशंकर प्रसाद ने सोनिया गांधी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि रामलीला मैदान में सोनिया गांधी ने उकसाने वाली भाषा का प्रयोग किया। आपकी ही सरकार ने 2010 में NPR का नोटिफिकेशन जारी किया, अगर आप करें तो ठीक लेकिन हम करें तो आप देश के लोगों को भड़काना शुरू कर देते हैं।
शाहीन बाग पर साधा निशाना
शाहीन बाग पर हो रहे प्रदर्शन पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि, शाहीन बाग पर प्रधानमंत्री के खिलाफ बोलने के लिए बच्चों को भड़काया जा रहा है। लेकिन सोनिया गांधी उसपर चुप क्यों हैं। कांग्रेस पार्टी बीजेपी को राजधर्म ना सिखाए, कांग्रेस का इतिहास वोटबैंक की राजनीति के आसपास ही घूमता रहा है।
39 लोगों की गई जान
इससे पहले गुरुवार रात तक हिंसा में मारे जाने वालों का आंकड़ा 39 तक पहुंच गया है, जबकि सैकड़ों की संख्या में लोग घायल हैं, दिल्ली का माहौल और ना बिगड़े इसलिए दिल्ली की गलियों में सुरक्षाबलों की ओर से लगातार शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है, साथ ही अब इस हिंसा की जांच करने के लिए पुलिस की ओर से SIT का गठन भी किया गया है।
मेडिकल की दुकान खोल दी गई हैं
तो दूसरी तरफ जानकारी देते हुए ज्वाइंट कमिश्नर ओपी मिश्रा ने बताया कि दिल्ली में अब हिंसा के बाद शांति का माहौल है, हिंसा प्रभावित क्षेत्र चांदबाग में दुकाने खुलवाई जा रही हैं, मेडिकल की दुकान खोल दी गई हैं, शांति बनाए रखने की अपील लगातार की जा रही है। हरियाणा के गुरुग्राम में जुमे की नमाज़ को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है, धार्मिक स्थलों के पास पुलिस बल की तैनाती का आदेश जारी किया गया है, दिल्ली हिंसा के मद्देनज़र आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बरती जा रही है।



