न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : बलात्कार के आरोप में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम की बेटी हनीप्रीत से रिमांड पर पुलिस ने कई जानकारियां हासिल की है। वहीं डेरा सच्चा सौदा की चेयरपर्सन विपासना इंन्सा से भी पूछताछ में पुलिस को ऐसी कड़ियां मिली है, जिसे जोड़ने पर बाबा गुरमीत राम रहीम के काले साम्राज्य का पता चल सकता है। पुलिस ने हासिल की गई जानकारियों के आधार पर छानबीन भी शुरू कर दी है।
पुलिस को अब तक डेरा की संपत्ति और कंपनियों से जुड़े महत्त्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं। सूत्रों की मानें तो पुलिस को 7 कंपनियों के दस्तावेज मिले हैं, उसमें एक कंपनी रियल एस्टेट से जुड़ा कारोबार कर रही है। कागजात में कंपनी का हेड ऑफिस दिल्ली में दिखाया गया है। यह भी सामने आया है कि डेरे का करोड़ों रूपये रियल एस्टेट से जुड़ी कंपनियों में लगाया गया है। एक कंपनी पंजाब के जीरकपुर में भी है और उसका राम रहीम से भी संबंध है।
शुरूआती जांच में पता चला है कि जीरकपुर स्थित इस कंपनी के मालिक का गुरमीत राम रहीम से काफी अच्छे संबंध हैं। यहां तक कि जब 25 अगस्त को बाबा गुरमीत राम रहीम पंचकूला कोर्ट आया था तो उस कंपनी के मालिक ने गाड़ियों का काफिला मुहैया कराया था। वहीं दिल्ली और एनसीआर की कई कंपनियों में बाबा राम रहीम प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़ा हुआ है। इन खुलासों से पता चलता है कि राम रहीम ने कंपनियों में करोड़ों निवेश कर रखा है।
