सोलन ,3 सितंबर
हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। सोलन जिला के परवाणु में इन दिनों लगातार तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। जहां एक तरफ परवाणु में भारी बारिश के कारण नदी-नालों का पानी घरों और दुकानों में घुसा है तो वहीं फोरलेन को भी खतरा पैदा हो गया है।
वहीं कई इलाकों में बादल फटने जैसे हालात बन गए है, नाले उफान पर है और लोगों के घरों दुकानों को नुकसान पहुंचा रहें है। इसको देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट भी जारी किया है। वहीं धर्मपुर के साथ लगते जाबली क्षेत्र में भी फोरलेन का सारा पानी लोगों की दुकानों में जा घुसा है। फिलहाल कसौली उपमंडल में बारिश को लेकर अलर्ट जारी हुआ है।
प्रशासन कसौली, धर्मपुर, चक्की मोड़ और परवाणु के क्षेत्र में लगातार नजर बनाए हुए हैं।फोरलेन का एक हिस्सा लगातार बारिश के चलते मलबा आने के कारण बंद होने की वजह से ट्रैफिक जाम जैसी समस्या भी चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे 5 पर लगातार बन रही है। नेशनल हाईवे 5 पर चक्की मोड़ के समीप लगातार मलबा आ रहा है, जिस कारण ट्रैफिक जाम लग रहा है और वाहन रेंग रेंग कर चल रहे हैं।
फिलहाल पुलिस प्रशासन इसको लेकर नजर बनाए हुए हैं।बता दें कि भारी बारिश के चलते परवाणू के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी पैदा हो गई। पानी और मलबे के तेज बहाव से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
हालांकि अभी तक किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। लेकिन बारिश से कसौली विधानसभा क्षेत्र में लाखों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।SDM कसौली महेंद्र प्रताप सिंह नेभारी वर्षा के मद्देनज़र नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भारी वर्षा हो रही है। मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा नदी-नालों, खड्डों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर जाने से बचें।
अन्य खबरें जानें –



