ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: प्रशासन की ओर से बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के खिलाफ निजी स्कूल संचालकों ने एकजुट होकर जमकर प्रदर्शन किया। लघु सचिवालय के बाहर नारेबाजी करते हुए निजी स्कूल संचालकों ने इस बारे में डीसी को भी ज्ञापन सौंपा। हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ के जिला प्रधान घनश्याम शर्मा की अध्यक्षता में हुए इस प्रदर्शन में स्कूलों को स्थाई मान्यता देने के लिए कई प्रकार की छूट देने की मांग की गई है। डीसी को सौंपे ज्ञापन में स्कूल संचालकों ने स्थाई मान्यता के लिए भूमि में छूट दिए जाने, स्कूल की गाड़ियों को टैक्स फ्री करने की मांग की।
इस दौरान घनश्याम शर्मा और नितिश तंवर ने प्रशासन की ओर से निजी स्कूलों को बंद करने की कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि स्कूलों के बंद हो जाने से हजारों की संख्या में शिक्षक बेरोजगार हो जाएंगे। इतना ही नहीं प्रशासन की इस कार्रवाई से बंद हो रहे स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के भविष्य पर भी सवाल खड़ा हो जाएगा। उन्होंने स्कूलों पर हो रही कार्रवाई को स्थगित किए जाने की मांग की है।

