ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: प्रदेश में हो रही तेज बारिश के कारण कई लोगों की जान जा रही है। कई लोगों पर आसमानी बिजली गिरने के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला पलवल से आया है, जहां गांव अलावलपुर में आसमानी बिजली गिरने से एक 56 वर्षीय पोस्टमैन की मौत हो गई।
जांच अधिकारी एएसआई महानन्द ने बताया कि पलवल के गांव अलावलपुर निवासी रोहताश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 56 वर्षीय भाई रमेशचंद गांव अलावलपुर स्थित पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन के रूप में कार्यरत है।
बृहस्पतिवार की शाम को तेज बारिश आने के चलते वो घर से थोड़ी दूर बने नोहरे में अपनी गाय को अंदर कमरे में बांधने के लिए गया। तभी शाम के करीब साढ़े 5 बजे अचानक उसके ऊपर आसमानी बिजली आ गिरी। जिससे उसकी मौत हो गई। जब उन्हें इसकी जानकारी मिली। तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर मे वह अकेला कमाने वाला था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में 174 की कार्रवाई कर शुक्रवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।


