रेवाड़ी ,22 अगस्त
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के पास दो छात्र गुटों के बीच हुई झड़प के बाद दो युवकों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद रेवाड़ी पुलिस ने मामले में कई संदिग्ध आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने मोहन बुडाना, कर्म जांट, नीरज बुडाना, टीकी बुडाना, बिट्टू बोहरा बुडाना, प्रीतम बुडाना, सतपाल गुर्जर आसलवास, सौरभ गुर्जर आसलवास, आशीष चिरहाड़ा सहित अन्य लोगों को मामले में चिन्हित किया है। इनमें आसलवास सहित आसपास के कई गांवों के युवक शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वारदात के बाद से ही एसपी हेमेंद्र मीणा ने पूरे मामले की कमान संभाल रखी है। CIA सहित पुलिस की कई टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। एसपी ने स्वयं बुडाना चौक और गांव गोकलपुर स्थित वारदात स्थल का दौरा कर ग्रामीणों से बातचीत की और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। उन्होंने लोगों से कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस वारदात स्थल से लेकर आरोपियों के संभावित फरार होने वाले रास्तों और ठिकानों तक लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का प्रयास है कि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाकर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने कहा कि आरोपी कहीं भी छिप जाएं, वे पुलिस की गिरफ्त से बच नहीं सकेंगे। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खबरें जानें –
पलवल में सड़कों पर बेकाबू होता अतिक्रमण, पैदल चलना भी हुआ मुश्किल, लोग परेशान

