Rewari Encroachment :
रेवाड़ी में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए अभियान तेज कर दिया है। शहर थाना प्रभारी सूबे सिंह ने रविवार को शहर के प्रमुख व्यापारियों और उनके प्रधानों के साथ बैठक कर दुकानों के बाहर सामान रखने पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया। बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने होली पर्व के मद्देनज़र व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और बाजार में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपनी दुकान की निर्धारित सीमा में ही सामान रखने के निर्देश दिए।
व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग की अपील-
थाना प्रभारी ने कहा कि यदि व्यापारी आम जनता की सुविधा का ध्यान रखेंगे। तो पुलिस भी उनके हितों की रक्षा करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकानों के आगे वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई वाहन गलत तरीके से खड़ा पाया गया, तो उसकी सूचना पुलिस को दी जाए। ताकि चालान की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि मुख्य बाजारों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। बाजार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापारियों से सहयोग की अपील की गई। व्यापारियों ने पुलिस की इस पहल पर सहमति जताई और आश्वासन दिया कि भविष्य में वे अतिक्रमण नहीं करेंगे।
नियम न मानने पर होगी सख्त कार्रवाई-
थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि यदि इसके बावजूद कोई दुकानदार नियमों की अवहेलना करता है, तो नगर परिषद रेवाड़ी के अधिकारियों के साथ मिलकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शनिवार को गोकल गेट रेलवे रोड क्षेत्र में भी दुकानों के बाहर रखा गया सामान हटवाकर अंदर कराया गया था। पुलिस पहले ही इस संबंध में चेतावनी जारी कर चुकी थी। पुलिस ने सभी व्यापारियों से प्रशासन का पूरा सहयोग करने की अपील की है, ताकि शहर में यातायात और बाजार व्यवस्था सुचारू बनी रहे। यह अभियान बढ़ते अतिक्रमण पर रोक लगाने और आम जनता की सुविधा के लिए चलाया जा रहा है।



