इस्लामाबाद, 28 जुलाई
पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoK) में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान कई इलाकों में हिंसा, झड़पों और चुनावी गड़बड़ियों की खबरें सामने आई हैं। विभिन्न राजनीतिक संगठनों के अनुसार रावलाकोट में प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने फायरिंग की, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई ओर 35 से ज्यादा लोगों के घायल होने की दावा किया जा रहा है। हालांकि इन दावों की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
पाकिस्तानी चुनाव आयोग पहली बार चुनाव तीन चरणों में कराने जा रहा है। बीते कल पहले चरण का मतदान मीरपुर डिवीजन में कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ।
भींबर जिले में बैलेट बॉक्स में लगाई आग
भींबर जिले में विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक बैलेट बॉक्स छीनकर उसमें आग लगा दी गई, जिससे उसके अंदर रखे मतपत्र जल गए। चुनाव अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोबारा मतदान कराने पर बाद में फैसला लिया जाएगा।
कोटली में PPP कार्यकर्ता की मौत
कोटली जिले के नकयाल क्षेत्र में भी हिंसा हुई। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) ने दावा किया कि उसके कार्यकर्ता मुख्तार यूनुस की झड़प के दौरान मौत हो गई। पार्टी ने इस घटना के लिए अपने राजनीतिक विरोधियों को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि विपक्षी पक्ष ने आरोपों से इनकार किया है।
चुनाव बहिष्कार और बढ़ा तनाव
रावलाकोट समेत कई इलाकों में लोगों ने चुनाव के बहिष्कार का आह्वान किया। जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने सोशल मीडिया के जरिए आरोप लगाया कि सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई। इन आरोपों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
PoK में यह चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं, जब प्रशासन और नागरिक संगठनों के बीच लंबे समय से शासन, आर्थिक समस्याओं और राजनीतिक सुधारों को लेकर टकराव जारी है। हिंसा और चुनावी गड़बड़ियों की खबरों ने पूरे चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अन्य खबरें जानें –
COMMONWEALTH GAMES 2026: पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ ने जीता गोल्ड मेडल, भारत के खाते में 10 मेडल



