ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: आज विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आखिरी दिन है, पीएम नरेंद्र मोदी आज सिरसा के ऐलनाबाद में बीजेपी के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। चौटाला परिवार का गढ़ माने जाने वाले सिरसा में मोदी ने जमकर चौटाला परिवार पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि लोग इस इलाके को अपना किला मानते थे, आज वो अंदर ही अंदर भिड़ गए हैं।
उन्होंने कहा कि ये सिद्धांतों की लड़ाई नहीं है, पूरा कुनबा इसलिए लड़ रहा है क्योंकि इनका मलाई बांटने का झगड़ा चल रहा है। पीएम ने कहा कि मलाई कितनी होगी, जिसे बांटने के लिए एक ही परिवार के सभी लोग आमने- सामने आ गए हैं। अब उन्हें हमेशा के लिए ही छुट्टी दे दो। तंज कसते हुए पीएम ने कहा कि जितना माल इकट्ठा किया है, उसे आपस में बाट लो क्योंकि और लूटने नहीं देंगे।
जनता को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि बीजेपी के धुर विरोधी भी आज मान रहे हैं कि सामान्य से सामान्य घर में भी नियुक्ति पत्र पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बिना नेता के आजू-बाजू घूमे नौकरी नहीं मिलती थी। लेकिन हम कहते हैं कि अगर आपका हक है, तो नौकरी मिलनी चाहिए, फिर काहे की पर्ची और काहे की खर्ची, प्रदेश में इस पर ताला लगा दिया गया है।


