जींद , 17 जुलाई
देश के परिवहन और पर्यावरण संरक्षण के इतिहास में आज का दिन एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जींद मुख्यालय के एकलव्य स्टेडियम के सामने हुड्डा मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह से पूर्व देश की पहली ‘हाइड्रोजन ट्रेन’ को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए कार्यक्रम में अपार जन समूह उमड़ पड़ा। हाइड्रोजन ट्रेन की इस बड़ी सौगात के साथ ही प्रधानमंत्री ने हरियाणा के लिए ₹14,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद की जनता के प्रति अपना गहरा लगाव व्यक्त किया। उन्होंने स्थानीय बोली में कहा, “यो कोई साधारण धरती नहीं सै। यो धरती इतिहास, वीरता, धर्म और गौरव की धरती सै।”
प्रधानमंत्री ने अपने संगठन के दिनों को याद करते हुए कहा कि दशकों पहले जब वे जींद आते थे, तो लोग उन्हें अपने स्कूटर पर बिठाकर घुमाते थे। यहाँ के मुर्रा भैंस के दूध-दही, देसी बूरा और घेवर का स्वाद आज भी उनकी यादों में बसा है।प्रधानमंत्री ने कहा, “इतने वर्षों में जींद का घी और घेवर भले न बदला हो, लेकिन यहाँ के तेवर और विकास का मॉडल पूरी तरह बदल गया है।
आज जींद बीजेपी-एनडीए के सुशासन की नई तस्वीर बन रहा है।” हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे इतिहास में बॉम्बे से ठाणे के बीच चली पहली ट्रेन को याद किया जाता है, वैसे ही भविष्य में जब भी हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र होगा, जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम गर्व से लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज और नारनौल में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज व राव तुलाराम अस्पताल का तोहफा देते हुए कहा कि इससे राज्य की स्वास्थ्य सेवा मजबूत होगी और युवाओं के लिए डॉक्टरों बनने के नए रास्ते खुलेंगे।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस तकनीकी उपलब्धि को भारत के इंजीनियर्स की क्षमता का चमत्कार बताया। उन्होंने बताया कि जींद में हाइड्रोजन बनाने का एक विशेष प्लांट लगाया गया है, जहाँ इलेक्ट्रोलिसिस की प्रक्रिया से पानी द्वारा हाइड्रोजन तैयार किया जाएगा। इस हाइड्रोजन से बिजली बनेगी जिससे ट्रेन चलेगी। इस ट्रेन से कोई धुआं नहीं निकलेगा, बल्कि सिर्फ पानी की बूंदें और वाष्प उत्सर्जित होगी। यह ट्रेन पूरी तरह प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल है। रेल मंत्री ने रूट की जानकारी देते हुए बताया कि यह ट्रेन जींद, पांडु-पिंडारा, ललितखेड़ा, भंभेवा, गोहाना होते हुए सोनीपत तक जाएगी और दिल्ली रूट पर टेस्टिंग सफल होने के बाद इसे दिल्ली तक विस्तारित किया जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए इस दिन को राज्य के लिए एक महोत्सव बताया। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह केवल एक परियोजनाओं का शिलान्यास नहीं है, बल्कि विकसित भारत के अमृत संकल्प और आत्मनिर्भर भारत के आत्मविश्वास का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल देश की योजनाएं बनाई हैं, बल्कि भारत की दिशा और दशा दोनों को बदल दिया है।” उन्होंने इस बात पर गर्व जताया कि आज भारत तकनीक के मामले में दुनिया का नेतृत्व करने की क्षमता रखता है और ग्रीन एनर्जी के संकल्प के तहत देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का गौरव हरियाणा को मिला है।नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार इस भव्य कार्यक्रम में राज्यपाल असीम घोष, डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा सहित कई केंद्रीय व राज्य स्तरीय मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अन्य खबरें जानें –

