पेरू, 2 अगस्त
पेरू के दक्षिणी इलाके नाज्का शहर में शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। नाज्का लाइन्स की हवाई सैर कराने जा रहा एक छोटा टूरिस्ट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में सवार सभी 13 यात्रियों की मौत हो गई। जिसमें 11 विदेशी पर्यटक और दो पायलट शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान निजी एयरलाइन एयरोडियाना का था, जो पर्यटकों को यूनेस्को विश्व धरोहर नाज्का लाइन्स का हवाई दृश्य दिखाने के लिए रोजाना दर्शनीय उड़ानें संचालित करती है। विमान ने पास के इका शहर से उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के दौरान हादसे का शिकार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान जमीन पर गिरते ही आग के गोलों में तब्दील हो गया। आग की लपटें दूर से देखी जा रही थी, जिससे फायर बिग्रेड को आग बुझाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विमान में मृतकों में 2 जर्मन, 2 स्पेनिश और 7 इतालवी नागरिक शामिल हैं।
फिलहाल प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पेरू के विमानन अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, एयरलाइन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


