ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : पंचकूला हिंसा के कारणों की जांच करने को बनाई गई एसआईटी ने सीबीआई अदालत में चार्जशीट दायर कर दी है। एसआईटी ने 600 पन्नों की प्राइमरी जबकि 1000 पन्नों की सेकेंडरी चार्जशीट कोर्ट में दाखिल किया है। चार्जशीट में बाबा राम रहीम को पंचकूला हिंसा के मुख्य आरोपी से बाहर रखा गया है। वहीं बाबा गुरमीत राम रहीम की बेबी हनीप्रीत को पंचकूला हिंसा का मास्टरमाइंड माना गया है।
चार्जशीट में जिक्र है कि हनीप्रीत ने पंचकूला हिंसा की सारी प्लानिंग के साथ ही फंडिंग का इंतजाम किया था। दरअसल, हनीप्रीत को अहसास हो चुका था कि 25 अगस्त को पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत साध्वियों से बलात्कार के आरोप में बाबा गुरमीत राम रहीम को दोषी ठहरा देगी। इसके चलते हनीप्रीत ने सुनवाई के ठीक पहले सिरसा डेरे में बैठक की थी। इसमें पंचकूला में हिंसा फैलाने का सारा खाका तैयार किया गया था।
हनीप्रीत ने बड़ी संख्या में लोगों को 25 अगस्त को पंचकूला आने को कहा था। हैरानी की बात यह थी कि हनीप्रीत ने ही प्लानिंग की थी कि बाबा राम रहीम कोर्ट में पेश होने के लिए सैकड़ों कारों के काफिले के साथ पंचकूला पहुंचेेंगे। यहां तक कि काफिले में शामिल लोगों के पास हथियार तक मुहैया कराए गए थे। पूरी कोशिश थी कि दोषी ठहराये जाने के बाद हिंसा की आड़ में बाबा राम रहीम को लेकर किसी अनजान जगह पर भागा जाए। हालांकि, हनीप्रीत की प्लानिंग के मुताबिक पंचकूला में बाबा राम रहीम को दोषी ठहराए जाने के बाद हिंसा तो की गई, लेकिन बाबा गुरमीत राम रहीम को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाने का मौका नहीं मिला। 
सिरसा डेरे में हुई बैठक में हनीप्रीत ने पंचकूला में हिंसा फैलाने के लिए 45 सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। इन्हें हिंसा फैलाने, पुलिस पर हमले करने, तोड़फोड़ और आगजनी का जिम्मा दिया गया था। दरअसल, सारा कुछ प्री-प्लानिंग के तहत किया गया था। और इसमें विपासना इंसां की भी पूरी भागीदारी थी।
अब एसआईटी ने अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दिया है जिसमें हनीप्रीत के साथ ही विपासना इंसां को पंचकूला हिंसा का मुख्य आरोपी माना गया है। जबकि साध्वियों से बलात्कार के आरोप में रोहतक की सुनारिया जेल में 40 साल की सजा काट रहे सिरसा डेरे के प्रमुख बाबा गुरमीत राम रहीम को मुख्य आरोपी नहीं माना गया है। फिलहाल, हनीप्रीत देशद्रोह के आरोप में अंबाला जेल में सजायाफ्ता है। अब देखना होगा चार्जशीट दाखिल होने के बाद पंचकूला हिंसा पर जमे कारणों की कितनी परतें बाहर आएंगी।



