ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: कमरे की फ़िज़ाओं मे क्लासिक रेगुलर की तीव्र गंध फैल रही थी, शाम से ही कितनी सिगरेट धुआँ बनकर गले के नीचे और फिर बाहर कमरे की हवाओ मे घुल चुकी थी, गले की जलन बहुत तीव्र हो चुकी थी पर तलब थी कि बुझने का नाम ही नही ले रही थी…। कमरे मे ही रखी हुई ग्रीन टी ठंडी हो चुकी थी इसे दो बार पीने के लिये गर्म कर चुका था, पर वह अभी भी हलक तक नही पहुँच पाई थी, शायद इसकी भी गंध रेगुलर से मिलकर कमरे की आबोहवा को काफी तीक्ष्ण बना रहे थे…। अब उसे बिस्तर पर चलना चाहिये… सिलवटे उसे एक बार फिर से आग़ोश मे लेने को बुला रही हैं, पर वह अभी भी चेयर पर ही बैठा रहा, उसे खिड़की खोलनी होगी.. लेकिन नही खिड़की से जनवरी की ठिठुरन अन्दर आ जायेगी.. ऐसे ही सही है…। पास मे रखी हुई मोबाइल उठाकर देखता है, कुछ व्हाट्सएप के मैसेज है, उनको पढ़कर कुछ को रिप्लाई भेजता है, बाकी कुछ को इग्नोर करना होगा… लोग इतने फ़्री कैसे हो सकते है..? फेसबुक पर कुछ नोटिफिकेशन है, उन्हें चेक करता है… ओह पूरी वाल भरी पड़ी है, सबको चेक करने मे आधे घन्टे लग जायेंगे… कुछ सोचकर मोबाइल फिर से रख देता है…। कुर्सी की पुश्त से अपनी पीठ टिकाकर एक गहरा बहुत ही गहरा कश अन्दर खींचता है… आँखें बन्दकर धुएँ को धीरे धीरे छोड़ रहा.. कमरे की ख़ामोशी उसके अन्तर्मन से बग़ावत कर रही… चीख़ना चाहता है पर चीख़ नही सकता, रोना चाहता है पर रो नही सकता, ज़ोर ज़ोर से हँसना चाहता है पर अब हँस भी नही सकता, उसे किसी से बात करना होगा पर किससे… इतनी रात गये कौन सुनेगा उसको..? सिगरेट हाथो से निकलकर ऐश ट्रे मे पहुँच गई… सिर अभी भी पुश्त से ही टिका हुआ है… और मन अतीत की तरफ भागा जा रहा…।
समय चक्र भी अजीब होता है…… किसी के लिये समानान्तर किसी के लिये वलयाकार तो किसी के लिये परवलयाकार… और किसी किसी के लिये तो इसका कोई आकार ही नहीं, व्यक्ति के समक्ष समय की ऐसी दशा भी आती है जब भूतकाल के समस्त किये कराये उसकी ऑंखो के समक्ष एक आकार ले रहे होते हैं, और इंसान उनमें हसने रोने के लम्हे ढूँढता रहता है..। संजीव भी अब उसी भूतकाल मे गोते लगा रहा…।
वह भी तो जनवरी ही थी… शायद मध्य जनवरी ही…..
” अनामिका, अभी और हम कब तक यहॉं बैठे रहेंगे..?”
” थोड़ी देर और, फिर पता नही कब मिले हम एक दूसरे से”
” क्यो, ऐसे क्यो बोल रही हो, परसों हम मिल रहे है ना..? ”
” परसों के भरोसे आज के लम्हो को तो नही छोड़ सकते ना..। ”
” हॉं, बातें तो तुम्हारी दार्शनिको से भी ऊँची होती हैं.. ”
” क्यो तुम्हे नही पसन्द मेरी बातें ?”
” तुम्हारी बातें सुनने के लिये मैं पूरी जिन्दगी यही बैठा रह सकता हू, पर ठन्ड का मौसम है, हमें चलना चाहिये, ज़रा सी ही देर मे तुम्हे सर्दी हो जाती है..। ”
” तुम्हारे पास होते इतनी जगह भी कहॉं बचती है कि सर्दी मेरे पास आ सके ”
” ओह, बस बस, इतना भी प्यार ना जताओ कि ख़ुद से भरोसा ही उठ जाय ”
” अच्छा सुनो, परसों क्या काम है तुम्हे ?”
” कुछ ख़ास नही बस अपने लिये एक जैकेट ख़रीदनी है, सोच रहा तुम साथ मे रहो तो.. अबकी बार तुम्हारी पसन्द की जैकेट लेकर पहनी जाय ”
” हम आज ही नही ख़रीद सकते इसे ?”
” नही, हम परसों ही ख़रीदेंगे, आज नहीं ”
” क्यो ? ”
” क्योंकि मैं अपनी कहानी मे एक और दिन जोड़कर रखना चाहता हू ”
एक आहट उसे अतीत से खींचकर वर्तमान मे लाती है, ओह.. यह कैसे गिरा.. पेपरवेट को उठाकर मेज़ पर रखता है, रेगुलर की पैकेट चेक करता है, अभी तो इसमें ६ सिगरेट बची हैं, सुबह तक के लिये काफी है… पर इस गले का क्या करु..? कब तक यू ही जलता रहेगा.. कुर्सी छोड़कर बिस्तर की राह पकड़ता है.. मोबाइल फिर से उसके हाथ मे है फेसबुक पर अनामिका की प्रोफ़ाइल चेक करता है, ओह आज भी कोई अपडेट नहीं.. जब से गई है तभी से कभी नही आई इधर…।
अन्दर का ठहराव पागल हो चुका है, वह फिर से चीख़ने को व्यग्र है… पर नही.. अब इस व्याकुलता को रोकना ही होगा.. बिस्तर छोड़कर आलमारी खोलता है, एक गिलास, १०० पाइपर्स और ब्रेजर मेज़ पर लग चुके है… सिर्फ़ दो पैग.. मन को राहत मिलती है, गले को तरावट मिलते ही जलना बन्द कर चुका है… पैकेट मे अब केवल चार सिगरेट ही बची है… धूएँ फिर से निकल रहे हैं, अबकी बार अन्दर का ग़ुबार साथ लेकर…
आख़िर मैं छोड़ने भी तो गया था उसे.. पूरे रास्ते ना जाने क्या क्या बकती रही.. कम से कम कहना तो चाहिये था.. । नही नही, उसने इशारा किया तो था, मैं ही नही समझ पाया…।
कहा तो था उसने.. ” आख़िर क्या रखा है मुझमें संजीव.. इस बदन में, तुम मेरी आँखों से मेरे होंठों से मेरे जिस्म से मेरी रुह से मोहब्बत करते हो… पर मैं चाहती हू कि तुम मेरे शब्दों से मोहब्बत करो, मेरी कहानियों से मेरे अल्फाजो से इश्क़ करो.. यह जिस्म तो मिट्टी मे मिल जाना तय है, कुछ समय बाद इसका वजूद भी नही मिलेगा, मगर तुम मेरे शब्दों से मेरे जिस्म को गढ़ना.. शब्द मरते नही, तुम्हारे शब्दों की श्रृंखला मे मैं फिर से आकार लूँगी.. लोग उनमें मुझे फिर तलाशेंगे, मेरी गंध मेरा इत्र सब तुम्हारे नथुनों मे समाहित होगा फिर से उन्ही शब्दों के सहारे… यह जो मेरी आवाज़ है जो तुम्हे अभिमन्त्रित करती है… यह मिलेगी तुम्हे वही उन्हीं शब्दों में कभी कान लगाकर सुनना.. ले चलना मुझे तुम उन शब्दों के सहारे किसी सड़क पर किसी पेड़ की ओट मे, कला दीर्घाओं मे, गहरे अंधेरे वाले मल्टीप्लेक्स में, सीढ़ियों से भरे हुये गलियारे में, कालेज के आडीटोरियम हाल में… चूमना इसे तुम संजीव.. मैं भी चाहती हू कि तुम ऐसा करो..। सान्द्र अम्ल से भरा शीशे का जार देखा है तुमने…? यह मेरी शरीर भी कुछ वैसी ही है जिसमें मेरी अपनी ही रूह गलती जाती है..।
लेकिन इन सबसे अलग हटकर तुम कहानियॉं लिखना मेरी, मैं जानती हू कि तुम एक मुसाफ़िर बनोगे जिसकी मंज़िल सिर्फ़ मैं रहूँगी.. तुम चलना तब तक चलना जब तक चला जा सके तुमसे.. जब थक जाओगे तब उन्ही किताबों में मेरा जिस्म फिर मिलेगा तुम्हे बिल्कुल एक झील की तरह, तुम आना और अपने कपड़े उतारकर अपनी पूरी थकान मिटा देना.. अपनी सारी धूल उस झील के पानी मे धो देना… अपनी कहानी मे आने वाले हर किरदार को लिखना तुम, उन्हें शर्म से डुबो डुबोकर आत्महत्या करने को मजबूर कर देना… जहॉं मोहब्बत लिखनी हो वहॉं पर भुखमरी की दास्ताँ लिखना, रुमानियत लिखनी हो वहॉं फॉंके का दौर लिखना, विरह को सीधे सीधे मौत लिखना… लेकिन फिर भी हम दोनों के किरदार सन्दल की तरह महकते हुये मिलेंगे, हमारी आँखें ऊँचाई पर कही किसी ध्रुवतारे की तरह चमकती दिखेंगी… बाकी के सारे किरदार सप्तऋषियो के मानिन्द हम दोनों की प्रदक्षिणा करते मिलेंगे… सुना तुमने प्रदक्षिणा…।
आटो उसके घर के पास पहुँच चुकी थी.. दूसरी गली मे उसका मकान था, मुझे यही से वापस जाना होगा…
” तुम अब चली जाओगी ना ? ”
” हॉं चली जाऊँगी, अब मैं चली जाऊगी, पर तुम भी थोड़ा बाहर निकलो आटो से ”
” क्यो ?”
” अरे निकलो तो सही ”
पहली बार वह मुझसे आलिंगनबद्ध थी, वह भी ऐसे कि हमारे बीच से हवा भी पास करने को सोचे तो शायद रास्ता ना मिले… थोड़ी देर के बाद जब अलग हुई…
” तुम्हारे कालर पर अब मेरी लिपस्टिक की दाग है यह दाग तब तक बनी रहनी चाहिये जब तक तुम्हारी मंज़िल तुम्हे मिल ना जाय.. इनसे तुम्हारे कंधों से मेरे अलविदा की एक गंध हमेशा आती रहेगी..तुम्हारी शर्ट से मेरी इत्र की ख़ुश्बू निकल रही, तुम्हारे हाथ की रेखाओं मे अब मेरे बदन का नक़्शा मिलेगा तुम्हे… इन्हें महसूसना तुम.. मैं जानती हू कि यह सब सिर्फ़ तुम्हे अहसास होगा… इसीलिये कहती हू इन्हें यहॉं से निकालकर शब्दों मे पिरोना तुम… अब मैं जा रही हू, मुझे जाना होगा, देखा तुमने यह रात काफी गहरी हो चुकी है…।
उफ़ सच मे रात गहरी हो चुकी है.., कुर्सी से मुड़कर एक बार फिर से बिस्तर की तरफ देखता है.. एक और पैग तैयार है, पैकेट मे ३ सिगरेट बची है… पैग ख़त्म होता है.. उठकर आलमारी खोलता है…। बोतल, ब्रेजर पूरानी जगह पर पहुँच चुके हैं… अब उसके हाथो मे एक जैकेट है, जो कभी पहनी नही गई… उसकी जेब मे हाथ डालता है.. एक दुमडा हुआ काग़ज़ जिस पर लिखा है…
” मेरी पसन्द की जैकेट जो तुम्हे चाहिये थी.. अलविदा ”
एक बार फिर से वह टेबल पर है, अबकी बार नोटबुक खुली है, हाथ मे क़लम जो नोटबुक के पन्नों को रौंद रही है…. एक और ख़्वाब आज आत्महत्या करेगा…।
संजीव और अनामिका आज फिर महकेंगे चन्दन की तरह ।
शिखा पांडेय
Flat no. 203, B wing, Maruti Apartment
Nani Daman (Daman and Diu)



