ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हिसार में इनेलो राज्य कार्यकारिणी की बैठक में ओपी चौटाला ने कार्यकर्ताओ को विधानसभा चुनाव को लेकर दिशा निर्देश दिये। चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनाव में इनेलो की सरकार बनेगी लेकिन इसके लिए कार्यकर्ताओ को पहले ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव अक्टूबर में होंगे इसलिए वक्त कम है, ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों को तेजी से लोगों के बीच पहुंचाना होगा।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में हार से किसी भी कार्यकर्ता को निराश होने की जरूरत नहीं है। पहले से ज्यादा मेहनत कर इनेलो को विधानसभा में जितवाना है ताकि देवीलाल के सपनों के हरियाणा को विकसित किया जा सके। उन्होंने पार्टी छोड़कर गये नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी मनाने के लिए नेताओं को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा में प्रत्याशी के लिए ईमानदार और पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की लिस्ट तैयार की जाए जो जीतने की पूरी काबिलियत रखता हो। चौटाला ने कहा कि कार्यकर्ताओ की ओर से चुने गये उम्मीदवार को ही मैदान में उतारा जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी को मिली जीत के पीछे दो प्रमुख कारण रहे जिसमें पहला कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को लोगों ने स्वीकार नहीं किया और दूसरा प्रमुख कारण तीसरे मोर्चे के नेता अपने में से ही किसी एक को प्रधानमंत्री का चेहरा नहीं बना सके, ऐसे में मजबूरीवश मतदाताओं ने मोदी के नाम पर ही वोट डाल दिए जिससे उसकी जीत हुई। उन्होंने भी इनेलो कार्यकर्ताओं से पहले से ज्यादा मेहनत कर लोगों से संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया ताकि पार्टी विधानसभा चुनावों में प्रभावशाली तरीके से प्रदर्शन कर विजय हासिल कर सके।
Watch Video
